Lok Sabha Election 2019: उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और प्रतापगढ़ के कुंडा से निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया समेत 10 लोगों को जिला प्रशासन ने लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण से ऐन पहले रविवार को नजरबंद करने के आदेश दे दिये। जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने बताया कि प्रतापगढ़ से सटे कौशाम्बी लोकसभा सीट पर चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिये राजा भैया और बाबागंज सीट से विधायक विनोद सरोज समेत 10 लोगों को सोमवार को नजरबंद कर दिया गया है। इन लोगों को सिर्फ मतदान करने की छूट दी गयी है।
कौशाम्बी में सोमवार को मतदान होगा। कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र में प्रतापगढ़ के दो विधानसभा क्षेत्र कुंडा और बाबागंज भी आते हैं। यहां छह मई को मतदान होने हैं। बाहुबली छवि वाले राजा भैया कुंडा से विधायक हैं। वह प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री भी रह चुके हैं। इस बार लोकसभा चुनाव में राजा भैया ने शैलेंद्र कुमार को अपना समर्थन दिया है। वहीं, भाजपा ने वर्तमान सांसद विनोद कुमार सोनकर पर फिर से विश्वास जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है। वहीं, महागठबंधन (सपा-बसपा) की ओर से इस सीट पर सपा ने इंद्रजीत सरोज को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि, कांग्रेस ने गिरीश पासी को मैदान में उतारा है।
राजा भैया और बाबागंज के विधायक विनोद सरोज के अलावा जिन अन्य लोगों को नजरबंद करने का आदेश जारी किया गया है, उनमें समाजवादी पार्टी के नेता गुलशन यादव, सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव भी शामिल हैं। आयोग को आशंका है कि ये प्रभावशाली लोग अशांति फैला सकते हैं, इसलिए इन्हें नजरबंद किया गया है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सोमवार को होने वाला मतदान केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी समेत कई सियासी महारथियों का राजनीतिक भाग्य तय करेगा। निर्वाचन आयोग के सूत्रों के मुताबिक पांचवें चरण में प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी बची अमेठी और रायबरेली सीटें कांग्रेस के खाते में गयी थीं।
पांचवें चरण में धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज (सुरक्षित), लखनऊ, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (सुरक्षित), बाराबंकी (सुरक्षित), फैजाबाद, बहराइच (सुरक्षित), कैसरगंज और गोण्डा सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में करीब दो करोड़ 47 लाख मतदाता कुल 182 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर सकेंगे। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।
पांचवें चरण के चुनाव में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ), कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (अमेठी), संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी (रायबरेली), केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (अमेठी), पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद (धौरहरा) और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री (फैजाबाद) जैसे छत्रपों की प्रतिष्ठा दांव पर है। राजनाथ लखनऊ सीट से एक बार फिर संसद पहुंचने की कोशिश में हैं, वहीं उनकी मंत्रिमण्डलीय सहयोगी स्मृति ईरानी नेहरू-गांधी परिवार के दुर्ग यानी अमेठी को भेदने के लिये पूरा जोर लगा रही हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद एक बार फिर धौरहरा सीट से मैदान में हैं। इसी सीट से कभी चम्बल के कुख्यात डकैत रहे मलखान सिंह को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। (भाषा इनपुट के साथ)