Lok Sabha Election 2024 KCR Meets Nitish: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा को केंद्र की सत्ता से बेदखल करने को लेकर तमाम विपक्षी दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने बुधवार (31 अगस्त, 2022) को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और बिहार के डिप्टी सीएम से मुलाकात की। जिसके बाद नए मोर्चे के गठन को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। नीतीश कुमार ने इस महीने की शुरुआत में राजद-कांग्रेस गठबंधन के साथ सरकार बनाने के लिए एनडीए से नाता तोड़ लिया था।
चंद्रशेखर राव 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ संयुक्त मोर्चा बनाने के लिए कई विपक्षी नेताओं से मिल चुके हैं। पटना में मीडिया से बात करते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तमाम विपक्षी दल भाजपा को सत्ता से हटाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल भाजपा देश को बांटना चाहती है।
राव ने कहा, ‘मैंने बड़े भाई नीतीश से बात की। इस बात पर सहमति बनी कि भाजपा सरकार को किसी भी तरह से सत्ता से बेदखल करना है। देश हर क्षेत्र में गर्त में जा रहा है। किसी भी क्षेत्र में विकास नहीं हो रहा है। डॉलर के मुकाबले रुपया कभी इतना नहीं गिरा। आज जिस तरह की नीति बनाई जा रही है, उससे पूंजीपति भाग रहे हैं।
बीजेपी धर्म के नाम पर देश को कमजोर कर रही: केसीआर
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामी का खामियाजा देश को भुगतना पड़ा है। कुछ अलग व्यवस्था बनाकर संघीय व्यवस्था को खत्म किया जा रहा है। कोई विकास नहीं हो रहा है, सिर्फ नारे लगाए जा रहे हैं। देश को बांटने की साजिश रची जा रही है। बीजेपी धर्म के नाम पर भारत को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि मेक इन इंडिया कहाँ है? तिरंगा भी चीन से आ रहा है।” टीआरएस प्रमुख ने इस दौरान भाजपा मुक्त भारत की बात की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देंगे।
केसीआर बोले- भाजपा मुक्त भारत से होगा अखंड भारत का निर्माण
चंद्रशेखर राव ने कहा कि नीतीश कुमार का विचार है कि सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर भाजपा मुक्त भारत बनाना है। भाजपा मुक्त भारत से ही अखंड और विकसित भारत का निर्माण होगा। भाजपा राष्ट्रीय ध्वज और महात्मा गांधी का अनादर कर रही है। वे उन्हीं नीतियों का पालन कर रहे हैं, जिनका वे सत्ता में न होने पर विरोध कर रहे थे। वे केवल निजीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं। वे सब कुछ बेच रहे हैं।
बीजेपी का नया नारा है बेचो इंडिया: तेलंगाना सीएम
तेलंगाना सीएम ने आगे कहा कि हम जानते हैं कि बीजेपी सबसे अमीर पार्टी है। यह विज्ञापनों पर सबसे ज्यादा खर्च करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का नया नारा बेचो इंडिया है। केंद्र सरकार विपक्ष को डराती है। हम एनडीए के खिलाफ एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का नेता कौन होगा, यह बाद में तय किया जाएगा। हम बैठक के बाद एक नेता का चयन करेंगे। नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री के बारे में पूछे जाने पर राव ने कहा कि नीतीश कुमार देश के बड़े नेता हैं। बैठक होने के बाद हम आपको पीएम का चेहरा बताएंगे।”
बता दें, 2014 में तेलंगाना के मुख्यमंत्री बनने के बाद केसीआर की बिहार की यह पहली यात्रा है। केसीआर ने हाल ही में नीतीश कुमार द्वारा दिए गए ‘आरएसएस-मुक्त भारत’ की तर्ज पर 2024 के चुनावों से पहले ‘भाजपा मुक्त भारत’ का आह्वान किया है।
राव ने बिहार के मुख्यमंत्री के साथ गलवान घाटी में शहीद हुए भारतीय सैनिकों के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने तेलंगाना सरकार की ओर से शहीद जवानों के प्रत्येक परिवार को 10-10 लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने मार्च 2022 में सिकंदराबाद में एक लकड़ी डिपो में आग की दुर्घटना में मारे गए 12 बिहार श्रमिकों के परिवारों को भी 5-5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की।
नीतीश कुमार और चंद्रशेखर राव की इस मुलाकात पर भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि यह दो सपने देखने वालों का मिलन है, जिनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कोई स्टैंड नहीं है। उन्होंने बैठक को नवीनतम कॉमेडी शो करार दिया।