राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव की शादी को लेकर परिवार में ही महाभारत मचा हुआ है। इस शादी को लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के भाई साधू यादव लगातार तेजस्वी और उनकी पत्नी पर निशाना साध रहे हैं। अब इसी को लेकर उनकी भांजी और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी ने जोरदार पलटवार किया है।
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में अपनी पुरानी दोस्त एलेक्सिस उर्फ रशेल गोडिन्हो से शादी की है। इस शादी में लालू यादव समेत सारा परिवार शामिल हुआ था और सभी खुश थे। लेकिन तेजस्वी के मामा साधू यादव इस शादी से खासे नाराज दिख रहे हैं।
साधू यादव की नाराजगी इस बात को लेकर है कि तेजस्वी ने यादव समाज को छोड़कर दूसरे धर्म की लड़की से शादी क्यों की। शादी के बारे में मीडिया द्वारा सवाल पूछने पर साधू यादव भड़क गए। उन्होंने कहा कि बिहार में तेजस्वी आए तो जूते चप्पल से स्वागत करो। इसने नाम पर बट्टा लगा दिया।
अब इसी को लेकर पहले तेजप्रताप ने इशारों ही इशारों में हमला बोला था। जिसके बाद उनकी बहन रोहिणी ने अपने मामा को कंस मामा बता दिया है। उन्होंने तेजप्रताप यादव के भोजपुरी में किए गए ट्वीट पर रिट्वीट करते हुए लिखा- कंस आज भी समाज में मौजूद हैं इन्होंने साबित कर दिया। रिश्ता निभाना है तो कृष्ण बनो दुष्ट कंस के जैसा अन्यायी ना बनो..”।
बता दें कि साधू यादव ने इस शादी पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि क्रिश्चियन लड़की से शादी क्यों की। तेजस्वी ने अपने समाज अपने धर्म में शादी क्यों नहीं की। अपनी जाति की लड़की से शादी क्यों नहीं की। आगे उन्होंने दावा किया कि इस बात के लिए यादव समाज में काफी गुस्सा है।
आगे साधू यादव ने कहा कि लालू ने अपनी बेटियों की शादी में हर चीज देखी। कुल खानदान को हमेशा ध्यान में रखा तो फिर तेजस्वी यादव की शादी में इतनी बड़ी गलती कैसे कर दी। साधू के इन आरोपों पर अभी तक ना तो लालू यादव ने और ना ही तेजस्वी यादव की तरफ से कोई प्रतिक्रिया आई है।