कवि कुमार विश्वास ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़ी हुए दो क्लिप रीट्वीट कर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में खालिस्तान जिंदाबाद करवा के, गुजरात में तिरंगा ले के डोल रहा हूं। स्पष्ट कर दें कि विश्वास ने यह ट्वीट खुद नहीं किया है, बल्कि रीट्वीट करते हुए निशाना साधा है।
कुमार ने जिस क्लिप को रिट्वीट किया है उसमें पहला वीडियो चुनाव के समय का है, जिसमें दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ में पंजाब सीएम भगवंत मान गाड़ी पर सवार होकर तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।
वहीं दूसरी क्लिप में लिखा है- सरकार बनने के बाद, खालिस्तानी यात्रा। यह क्लिप ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी ( 6 जून, 2022) की है। जब अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के बाहर इकट्ठा होकर खालिस्तान के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोग तलवारें लिए खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। लोगों के हाथों में जरनैल भिंडरावाले के पोस्टर, बैनर भी हैं।
ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी ( 6 जून, 2022) को कुमार विश्वास ने ट्वीट करते हुए लिखा था- ‘लोग पूछते हैं कि इतना बड़ा देश बँटा कैसे था?ऐसी सुनियोजित साज़िशों और हमारी ये सहने की आदतों के कारण। तब भी मुझ जैसे लोग पागल कहे जाते थे, आज भी जब मैं बोला तो लोगों ने नहीं सुना। देश की सारी पार्टियाँ चुप बैठी हैं और भारत मां के आंचल को फाड़ने की योजना बनाने वाला मुखर।आज का पंजाब।’
18 फरवरी, 2022 को एएनआई से बातचीत के दौरान कुमार विश्वास ने सीएम केजरीवाल पर निशाना साधा था। कुमार विश्वास ने कहा था, मैं आपके माध्यम से उसको ( केजरीवाल) को चुनौती देता हूं। मैं यहां कह रहा हूं आम आदमी पार्टी का फाउंडर, संस्थापक…इस देश को तोड़ने वाली किसी भी चीज के खिलाफ मैं खून की आखिरी बूंद तक लड़ूंगा।
कुमार विश्वास ने कहा कि वो (केजरीवाल) बस ये कह दे कि मैं खालिस्तान के खिलाफ लड़ूंगा, वो ये कह दे कि मैं खालिस्तानियों के खिलाफ लड़ूंगा, एक खालिस्तानी पनपने नहीं दूंगा। दिल्ली में नहीं पनपने दूंगा, किसी राज्य में नहीं पनपने दूंगा। खालिस्तान मेरे खून के आखिरी बूंद के बाद भी साकार नहीं हो पाएगा। ऐसा बोल दे न, एक बार बोल दे न। क्या चुनाव-चुनाव करता है। इतनी बात कहने में क्या दिक्कत है कि मैं खालिस्तान के खिलाफ हूं।’