कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की बेटी कर्णिका सिंह की कैंसर के चलते शुक्रवार (29 अप्रैल) सुबह मौत हो गई। कर्णिका ने दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में सुबह सवा पांच बजे के करीब अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से वाधवां (गुजरात) ले जाया गया। उनका अंतिम संस्कार वहीं होगा। उनकी ससुराल वहीं है।
कर्णिका लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थी। इससे पहले उनका अमेरिका में भी इलाज कराया गया था। दिग्विजय सिंह के अब एक बेटा और तीन बेटियां हैं। उनकी पहली पत्नी आशा सिंह की 2013 में कैंसर की वजह से ही मौत हो गई थी। उनके बेटे जयवर्द्धन सिंह मध्यप्रदेश में राघोगढ़ से विधायक है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्णिका सिंह की मौत पर शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के साथ दिग्विजय सिंह 64, लोधी एस्टेट स्थित घर गए और उन्हें सांत्वना दी।