कर्नाटक चुनाव प्रचार में व्यस्त कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी फुर्सत के पलों में आईसक्रीम खाते नजर आए। कर्नाटक के बेंगलुरु में राहुल गांधी एक आईसक्रीम पार्लर में पहुंचे। आईसक्रीम पार्लर में राहुल गांधी को देख कर भीड़ जुट गई। राहुल गांधी ने यहां आईसक्रीम का स्वाद लिया तथा पार्लर के कर्मचारियों के साथ फोटो भी खिंचवाई। पार्लर में आईसक्रीम खाते राहुल गांधी की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध है। राहुल गांधी ने खुद अपने ट्विटर से यह तस्वीर शेयर की है औऱ लिखा है कि- लंबे कैंपेन के दौरान थकावट के बाद बेंगलुरु का आईसक्रीम पार्लर समय बीताने के लिए बेहतरीन जगह था। यहां कमाल की आईसक्रीम मिलती है। यहां के कर्मचारी मिलनसार हैं। आईसक्रीम पार्लर के मालिक और कुछ ग्राहकों से मिलकर काफी अच्छा लगा। जल्द ही दोबारा आने की कोशिश करूंगा।
कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी अब तक कई बार अलग-अलग अंदाज में नजर आ चुके हैं। आपको याद दिला दें कि पिछले ही महीने राहुल गांधी बेंगलुरु में सड़क किनारे कुल्फी खाते नजर आए थे। इसके अलावा राहुल गांधी सुरक्षा घेरा तोड़कर मेट्रो की सवारी करते भी नजर आए थे। यह दोनों ही तस्वीरें तब मीडिया में खूब चर्चित हुई थीं। बेंगलुरु की 28 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस के पास 13 जबकि बीजेपी के पास 12 सीटे हैं। इस चुनाव में बेंगलुरु की कितनी अहमियत है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस चुनाव में बेंगलुरु के लिए अलग घोषणा पत्र जारी किया है।
जनता दल सेक्यूलर भी यहां शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को लगातार लुभाने में लगी हुई है। कर्नाटक में इसी महीने की 12 तारीख यानी शनिवार को विधानसभा चुनाव होने हैं। 15 मई को यहां चुनाव के नतीजें भी घोषित कर दिये जाएंगे। इस चुनाव से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा यह भी है कि जेडी(एस) ने इंटरनेट पर एक नया वीडियो गेम ‘कुमारन्ना फॉर सीएम’ लॉन्च किया है। इस गेम में जेडी(एस) नेता कुमारस्वामी सुपर मारियो को रुप में नजर आ रहे हैं। गेम में कुमारस्वामी मारियो बनकर भगवा कमल से लड़ रहे हैं। गेम में यह बतलाया गया है कि कुमारस्वामी ही एक मात्र ऐसे नेता हैं जो कर्नाटक का भाग्य बदल सकते हैं।