देशभर में कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें लगातार लोगों से बाहर न निकलने और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे लॉकडाउन के महत्वपूर्ण नियमों का पालन करने के लिए कह रही हैं। इसके बावजूद कुछ लोग लॉकडाउन तोड़कर मनमानी करने में जुटे हैं। खुद सरकार के विधायकों का भी यही हाल ही है। कर्नाटक के तुरुवेकेरे से विधायक एम जयराम को हाल ही में अपने जन्मदिन पर भीड़ के साथ देखा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधायक ने बेंगलुरु से 90 किमी दूर गुब्बी में अपने जन्मदिन की पार्टी दी थी। इसमें लॉकडाउन के बावजूद बड़ी संख्या में लोग शामिल दिखाई दिए।
विधायक जयराम की पार्टी की फोटो और वीडियो में उन्हें तो सफेद रंग के ग्लव्स पहने केक काटते देखा जा सकता है, लेकिन उनके पास बच्चों समेत बड़ी संख्या में खड़े लोगों ने न तो मास्क पहने हैं, न सोशल डिस्टेंसिंग के किसी नियम को माना है। इतना ही नहीं विधायक ने भीड़ के बीच बिरयानी भी बंटवाई।
दुनियाभर में कोरोना वायरस से जुड़ी लाइव जानकारी के लिए यहां क्लिक करें
जयराम पहले नेता नहीं हैं, जिन्हें कर्नाटक में सोशल डिस्टेंसिंग के नियम तोड़ते देखा गया है। पिछले महीने ही शादी समेत सभी सामाजिक समारोह पर रोक लगाने के बाद 15 मार्च को खुद कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा बेलगावी में भाजपा नेता के शादी समारोह में जा पहुंचे थे।
Coronavirus in India LIVE Updates: यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़ी सभी लाइव अपडेट
इसके अगले ही दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी राज्य में सोशल डिस्टेंसिंग के नियम तोड़ते देखा गया। दरअसल, कर्नाटक में कांग्रेस के कद्दावर नेता डीके शिवकुमार को राज्य कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था। उनके स्वागत में सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक जुटे थे।
कर्नाटक में लगातार बढ़ रहे कोरोनावायरस संक्रमितों के मामले: जहां एक तरफ भाजपा विधायक को भीड़ के बीच जन्मदिन मना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक में कोरोनावायरस संक्रमितों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में शुक्रवार को ही 10 नए संक्रमण के मामले सामने आए। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों की संख्या 207 पहुंच गई है। इनमें से अब तक 6 की मौत हुई है और 34 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
शुक्रवार को जो 10 नए केस सामने आए, उनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। मैसूर के रहने वाले एक बच्चे की उम्र 8 साल और बेंगलुरु ग्रामीण में रहने वाली बच्ची की उम्र 11 साल है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा लॉकडाउन की मियाद 14 अप्रैल से तीन हफ्ते बढ़ाने के पक्ष में हैं। हालांकि, उन्होंने चरणबद्ध तरीके से उन शहरों को खोलने की बात कही है, जो कोरोनावायरस से प्रभावित नहीं हैं।