झारखंड के मुख्यमंत्री और बरहेट विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मंडल मुर्मू को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। दरअसल बीते दिनों मंडल मुर्मू ने बीजेपी की सदस्यता ले ली थी। इस दौरान मुर्मू ने कहा था कि वो झारखंड मुक्ति मोर्चा में असहज महसूस कर रहे थे। बीजेपी में शामिल होने के बाद भी उन्होंने अभी तक प्रस्तावक पद से नाम वापस नहीं लिया है। वहीं इसको लेकर असम के मुख्यमंत्री और झारखंड के सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि बीजेपी चाहे तो सोरेन के नामांकन पर आपत्ति जता सकती है लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे।
दुमका पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इसी बीच बीते बुधवार को मंडल मुर्मू को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सअप पर धमकी मिली। पोस्ट में बताया गया था कि मुर्मू का सिर काटने वाले को 50 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। हालांकि झारखंड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार शख्स साहुल हांसदा दुमका के मुफस्सिल थाना का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार शख्स ने बताया कि वो समाजशास्त्र से स्नातक किया हुआ है।
पढ़े दिनभर की सभी बड़ी खबरें-
शहीद सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू को धमकी देने वाले शख्स ने बताया कि कोई रोजगार नहीं मिलने के बाद उसने पुरानी बाइक को खरीदने और बेचने के लिए सेल्स एंड सर्विस नाम का व्हाट्सएप बना रखा था। उसके ग्रुप का मेंबर किसराज ने मंडल मुर्मू के भाजपा में शामिल होने पर नाराजगी जताते हुए लिखा था कि मुर्मू का सिर काटने वाले को 50 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। जिसके बाद दुमका पुलिस ने साहुल हांसदा के विरुद्ध प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई।
झारखंड की महान विरासत में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले सिदो कान्हू का स्थान है। इसी वजह से मंडल मुर्मू को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपना प्रस्तावक बनाया था। हालांकि मुर्मू बीजेपी में शामिल हो गए। मुर्मू को झारखंड भाजपा के प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और हिमंत बिस्वा सरमा ने पार्टी में शामिल कराते हुए उनका स्वागत किया।