Jharkhand Cabinet Minister List 2024, Jharkhand Hemant Soren Mantri Mandal List 2024: झारखंड में हेमंत सोरेन ने दो दिन पहले तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। अब उन्होंने अपना मंत्रिमंडल विस्तार किया है। कांग्रेस-जेएमएम-आरजेडी गठबंधन के 11 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। कांग्रेस के चार विधायक मंत्री बने हैं तो वहीं जेएमएम के 6 विधायक मंत्री बने हैं। इसके अलावा आरजेडी की ओर से सत्यानंद भोक्ता को मंत्री बनाया गया है।
जेएमएम के 6 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
- मिथिलेश ठाकुर
- बेबी बेबी
- हफीजुल हसन
- चंपई सोरेन
- बैद्यनाथ राम
- दीपक बिरुआ
कांग्रेस के 4 विधायक बने मंत्री
- इरफान अंसारी
- बन्ना गुप्ता
- रामेश्वरम उरांव
- दीपिका सिंह पांडे
RJD को भी मिला एक मंत्री पद
हेमंत सोरेन ने मंत्रिमंडल में आरजेडी को भी एक कोटा दिया है। आरजेडी की ओर से सत्यानंद भोक्ता को मंत्री बनाया गया है। मंत्रिमंडल में बादल पत्रलेख और बसंत सोरेन को शामिल नहीं किया गया, यह अहम बात है।
हेमंत सोरेन ने साबित किया बहुमत
इसके अलावा झारखंड विधानसभा में आज एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया था। इस सत्र के दौरान हेमंत सोरेन सरकार को बहुमत सिद्ध करना था और उन्होंने इसे सिद्ध कर दिया। हेमंत सोरेन सरकार के पक्ष में 45 विधायकों ने वोट किया जबकि विपक्ष में शून्य वोट पड़े। ऐसा इसलिए क्योंकि सभी विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए थे। विश्वास मत साबित करने के बाद विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
हेमंत ने बीजेपी पर साधा निशाना
हेमंत सोरेन ने X पर कहा, “मुझे विधानसभा से दूर रखने के लिए भाजपा ने हर षड्यंत्र रचा। उन्हें लगा मुझे झूठा मुक़दमा लगा कर जेल भेज कर मेरी आवाज़ दबा देंगे पर, वो भूल गए कि लोकतंत्र की आत्मा है जनता की आवाज़, दबाने की कोशिश में हारेगा हर एक तानाशाह। अन्याय के विरुद्ध खड़े रहेंगे, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। भय और दमन से नहीं डरेंगे, न्याय और समानता के लिए लड़ेंगे। जय झारखंड।”
हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “पिछले ढाई साल में जितनी शक्ति भाजपा ने चुनी हुई झारखंडी सरकार गिराने में लगायी है – अगर उतनी शक्ति इन्होंने झारखण्ड की भलाई में लगायी होती तो लोकसभा में इनकी संख्या में गिरावट नहीं आती। भाजपा को लगता है कि वे एजेंसियों का दुरुपयोग कर, अपने धन बल एवं शातिराना चालों से जनता को जनमत को अन्य राज्यों की तरह ख़रीद लेंगे/लूट लेंगे। पर वे भूल जाते हैं कि हम झारखंडी हैं। हमने कभी अंग्रेजों के समक्ष घुटने नहीं टेके तो ये आज के अंग्रेज तानाशाह के सामने हम कभी नहीं झुकेंगे। ना झारखंड झुका है, ना झारखंडी झुकेगा।”
