Ram Lala Ayodhya: अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद आज यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सभी मंत्रियों और विधायकों के साथ रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले योगी कैबिनेट का अयोध्या धाम दौरा काफी अहम माना जा रहा है। विधायकों को अयोध्या ले जाने के लिए बस यूपी विधानसभा पहुंच चुकी हैं।

लखनऊ से भाजपा विधायकों को लेकर 10 बसें करीब 11:30 बजे अयोध्या धाम पहुंचेंगी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी साथ रहेंगे। जबकि सीएम योोगी करीब 11 बजे अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। योगी कैबिनेट और विधायक करीब तीन घंटे अयोध्या में समय बिताएंगे। जिन बसों से विधायकों को अयोध्या ले जाया जा रहा है, उन बसों के अंदर रामधुन बज रही है। तमाम तरह के फूल लगाए गए हैं। खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा मंत्रियों और विधायकों को मेमोरी के लिए एक बैग दिया जा रहा है, जिसमें एक डायरी, एक कैलेंडर और पेन इत्यादि रखा हुआ है।

लखनऊ से रवाना होने के बाद रास्ते में पड़ने वाले सभी पुलिस थानों को अलर्ट कर दिया गया है। बस के आगे पुलिस की स्पेशल टीम एस्कार्ट करेगी।
अयोध्या की सीमा में पहुंचने के बाद अयोध्या पुलिस के अधिकारियों की अगवानी में इन सभी को वीआईपी गेट से श्री राम जन्मभूमि मंदिर ले जाया जाएगा और रामलला के दर्शन कराए जाएंगे। विधायक, मंत्री और मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला की दोपहर में होने वाली आरती में शामिल होंगे।

वहीं बसपा विधायक उमाशंकर सिंह भी अयोध्या जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा के लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। हमारी पार्टी सेक्युलर है। हम सभी धर्मों के सम्मान करते हैं। विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने विधानसभा के सभी सदस्यों को अयोध्या चलने का न्योता दिया है। हालांकि समाजवादी पार्टी के विधायक रामलला के दर्शन करने नहीं जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा, “…भगवान तो भगवान ही हैं… ये उनकी(सपा नेता) बदकिस्मती है कि वे दर्शन के लिए नहीं जा रहे हैं।”

भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा, “यह हमारा सौभाग्य है। हमारे पूर्वजों का सपना पूरा होने जा रहा है। ये एक भावुक क्षण है और हम सब लोग उसके गवाह बनने जा रहा हैं।” विपक्षी दलों के नेताओं पर उन्होंने कहा, ” भगवान उन्हें सद्बुद्धि देंगे तो वे निश्चित रूप से आएंगे…”

वहीं अयोध्या के लिए रवाना होने से पहले सभी विधायकों ने जय श्री राम के नारे लगाए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्पीकर सतीश महाना के निमंत्रण पर विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य आज अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करेंगे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “भगवान श्री राम लला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है… हम अपने दोनों सदनों के सम्मानित सदस्यों के साथ प्रस्थान कर रहे हैं।” अयोध्या दौरे पर सपा नेताओं के ना आने को लेकर उन्होंने कहा, “सपा सफा हो जाएगी…”

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “समाजवादी पार्टी के चाल-चरित्र के बारे में सब जानते हैं। उन लोगों ने भारत की संस्कृति और प्रभु राम लला के प्रति हमेशा द्वेष भावना के तहत काम किया है। इन्हीं लोगों की सरकार में अयोध्या रक्तरंजित हुई थी, तो वे कैसे जा पाएंगे। हम सब भारत की जो सांस्कृतिक विरासत को और आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं…”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के अयोध्या दौरे पर राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा, “…अयोध्या को लेकर मुख्यमंत्री का जो प्रयास है वो पूरा देश देख रहा है अब कैबिनेट मंत्री और नेता भी देखेंगे… मुख्यमंत्री यहां बराबर आते हैं… उनके द्वारा(CM योगी आदित्यनाथ) क्या कार्य सम्पन्न हुए हैं, ये सब भी कैबिनेट मंत्री देखेंगे…”

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) प्रमुख ओपी राजभर ने कहा, “…ये उनका(समाजवादी पार्टी) विषय है। संविधान में सब लोगों को अपने हिसाब से अपने-अपने धर्म को मानने की स्वतंत्रता दी गई है… वजह ये है कि वे(सपा नेता) भाजपा के साथ सटकर कैसे जाएंगे, हटकर रहेंगे… “