MP Vidhan Sabha Election Chunav Result 2018: देश में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। 24 घंटे के बाद ही मध्य प्रदेश में स्थिति साफ हो सकी कि राज्य में कौन अपनी सरकार बनाएगा। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से इस बार कांग्रेस को 114 सीटों पर जीत मिली है। वहीं बीजेपी के खाते में 109 सीटें आई हैं। बाकि बची सीटों पर निर्दलीय और बसपा-सपा के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।

वहीं इस चुनाव में एक दिलचस्प बात सामने आई है। बता दें, 10 साल पहले बीजेपी को लगभग 37.64 प्रतिशत वोट मिला था और इस बार उसे 41 प्रतिशत वोट शेयर मिला है फिर भी उसे सत्ता से बाहर रहना पड़ रहा है। कांग्रेस की बात करें तो 2013 के चुनावों में कांग्रेस का वोट शेयर 36.38 प्रतिशत था। इस बार की बात करें तो कांग्रेस पार्टी का वोट शेयर लगभग पांच प्रतिशत बढ़ा है। इस बार कांग्रेस को 40.9 प्रतिशत वोट मिले हैं। जो बीजेपी से 0.1 प्रतिशत कम है। वहीं बहुजन समाज पार्टी को पांच प्रतिशत वोट मिले हैं। वहीं समाजवादी पार्टी को 1.3 प्रतिशत वोट मिले हैं। अगर नोटा की बात की जाए तो इस बार नोटा का बटन 5 लाख 42 हजार 295 लोगों ने दबाया है।

मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ के वोट शेयर की अगर बात की जाए तो वहां पर कांग्रेस को 43 प्रतिशत वोट मिले हैं और बीजेपी को 33 प्रतिशत। इसके अलावा राजस्थान में कांग्रेस को 39.3 प्रतिशत वोट मिले हैं और बीजेपी को 38.8 प्रतिशत। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के नतीजे आने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपना इस्तीफा राज्य के गवर्नर को सौंप दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने मध्य प्रदेश में हुई बीजेपी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि ‘मैं सेवक बनकर मध्य प्रदेश की जनता का सेवा करूंगा।’ दूसरी तरफ कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने में जुट गई है। सूत्रों की माने तो कांग्रेस कमलनाथ को मुख्यमंत्री पद के लिए चुन सकती है।