Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में बुलडोजर चलने का मामला सामने आ रहा है। यहां रविवार (2 अक्टूबर, 2022) को सरकारी नाली पर अवैध निर्माण को लेकर नगर-निगम की प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलवाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

यह पूरा मामला शहर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के दाऊ चक मोहल्ले का है। आरोप है कि मोहल्ले के एक दबंग शख्स ने सरकारी नाली पर पक्का मकान बना लिया था। जिसके चलते नाली की सफाई वहां पर नहीं हो पा रही थी और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने गोरखपुर नगर-निगम और सीएम पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। मुख्यमंत्री योगी की सख्ती के बाद नगर-निगम की प्रवर्तन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे को बुलडोजर से ध्वस्त करवा दिया।

इस कार्रवाई पर नगर-निगम के प्रवर्तन अधिकारी कर्नल सीपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विवादित मामला था, नाली पर कब्जा था। उसको हटवा दिया गया है। नाली साफ कराई जाएगी। पानी का जो बहाव है, उसको सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री पोर्टल तक है। यह शिकायत वहां तक गई है कि कोई आदमी सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहा है।

जून, 2022 में योगी सरकार के मंत्री के घर के बाहर चला था बुलडोजर

बता दें, जून, 2022 में प्रयागराज से विधायक और योगी कैबिनेट में मंत्री नंद गोपाल नंदी के घर पर बुलडोजर चलाया गया था। उनके बहादुरगढ़ घर के बाहर अवैध निर्माण था, जिस पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया था। उन्होंने अपने घर के बाहर नाली पर रैंप बनाया हुआ था और इसी रैंप के सहारे उनके घर के वाहन घर के अंदर तक जाते थे। इस रैंप को ही नगर निगम के बुलडोजर ने तोड़ दिया था।

इस मामले पर प्रयागराज की मेयर और मंत्री की पत्नी अभिलाषा गुप्ता ने कहा था कि अतिक्रमण तोड़ने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। उन्होंने कहा था कि जिस तरह बाकी जगहों पर कार्रवाई होती है, उसी तरह उन्होंने यहां अपने घर पर भी बुलडोजर चलवाया।