Gujarat Election 2022: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के लुक पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का दिया एक बयान काफी चर्चा में हैं। दरअसल असम सीएम ने राहुल गांधी(Rahul Gandhi) की दाढ़ी वाले लुक की तुलना सद्दाम हुसैन से कर दी। इसी को लेकर जब गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल है, जनता ऐसे बयानों पर मौज लेकर भूल जाती है।

टीवी न्यूज चैनल टाइम्स नाऊ को दिए एक एंटरव्यू में जब अमित शाह(Amit Shah) से सवाल किया क्या भाजपा कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से घबराई हुई है? क्योंकि अब कहा जा रहा है कि राहुल गांधी सद्दाम जैसे दिखने लग गए हैं?

इस सवाल के जवाब में अमित शाह ने कहा, “ऐसे चीजों को इतना तूल नहीं देना चाहिए, चुनाव के दौरान इस तरह की कई चीजें कही जाती हैं, जनता ऐसी बातों पर दो घड़ी के लिए मौज लेती है।” शाह ने कहा कि चुनाव के दौरान ऐसे कई बातें की जाती हैं, इससे वोटिंग नहीं बदलती है।

क्या कहा था असम सीएम(Himanta biswa sarma) ने:

दरअसल गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा चुनावी प्रचार करने के लिए गुजरात के कुबेरनगर में रैली करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर विवादास्पद बयान देते हुए कहा राहुल गांधी इन दिनों इराक के तानाशाह सद्दाम हुसैन जैसे दिखने लगे हैं।

सरमा ने कहा कि गांधी वंशज की छवि महात्मा गांधी या सरदार पटेल की तरह होनी चाहिए न कि इराक के तानाशाह सद्दाम हुसैन जैसी। मैंने देखा कि राहुल गांधी का चेहरा बदल गया है। आजकल वो सद्दाम हुसैन की तरह दिखने लगे हैं। सरमा ने आगे कहा कि फिलहाल चेहरा बदलना कोई गलत बात नहीं है लेकिन वल्लभ भाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू या फिर गांधी जी जैसा चेहरा हो।

कांग्रेस से भाजपा में गए हिमंत बिस्वा सरमा पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि सरमा वहीं व्यक्ति हैं जो कांग्रेस नेताओं का पैर पकड़ते थे… इस बयान पर उनको शर्म आनी चाहिए, वो जो कुछ भी आज हैं वो कांग्रेस की वजह से हैं।