पिछले कुछ दिनों से पारा पहाड़ों और पूरे उत्तर भारतीय क्षेत्र में बढ़ रहा है। बढ़ते तापमान का असर हिमाचल प्रदेश में भी दिखने लगा है। शिमला में फरवरी में न्यूनतम तापमान ने आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री के साथ फरवरी की सबसे गर्म रात रही। इससे पहले फरवरी 2015 में तापमान 14.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
शिमला में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ग्यारह डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे के दौरान शिमला, सोलन, धर्मशाला, मनाली और कल्पा में तापमान ने कई दशकों के रिकॉर्ड तोड़े हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में उत्तर भारतीय बेल्ट में एक पश्चिमी विक्षोभ की संभावना जताई है, जिसके कुछ दिनों के बाद इस क्षेत्र में पारा गिरने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचे और कम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। इससे प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
कब तक रहेगी फरवरी में ऐसी गर्मी, मौसम विभाग के डीजी Dr. Mrityunjay Mohapatra से सुनिए
धर्मशाला में सामान्य से 9.4 डिग्री ज्यादा रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान धर्मशाला का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 9.4 डिग्री ज्यादा है। इससे पहले साल 1971 में 28 डिग्री तापमान था। धर्मशाला में 52 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा है और शहर में यह अब तक का सर्वाधिक तापमान है। आईएमडी, हिमाचल प्रदेश के प्रमुख सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 16 फरवरी 2023 को सोलन का तापमान 29. 5 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि अब तक का सबसे ज्यादा था। इससे पहले 26 फरवरी 2021 को उच्चतम तापमान 28. 5 डिग्री सेल्सियस था। कल्पा का पारा भी 17.6 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले 2016 में भी इतना तापमान गया था।
आईएमडी, हिमाचल प्रदेश के प्रमुख सुरेंद्र पॉल के मुताबिक, प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान फिलहाल सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक है। कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री अधिक है। उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान बढ़ रहा है।
शिमला में इस बार फरवरी में अब तक का सर्वाधिक उच्चतम तापमान दर्ज किया गया। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हमने पहली बार देखा की फरवरी में बर्फ नहीं पड़ी और तापमान काफी बढ़ गया है। बारिश भी बहुत कम हुई। ऐसा लग रहा है कि इस बार गर्मी बहुत बढ़ने वाली है।”