Himachal Pradesh Sukhvinder Singh Sukhu: हिमाचल प्रदेश में बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस ने सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu) को प्रदेश की कमान सौंपने का फैसला किया है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव कांग्रेस ने 68 सीटों में से 40 सीटें जीती हैं। वहीं सुक्खू 11 दिसंबर को करीब डेढ़ बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

वहीं सीएम पद को लेकर सुक्खू के नाम पर मुहर लगने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। ऐसे में उनके गृह क्षेत्र हमीरपुर में जश्न का माहौल है। क्षेत्र की महिलाएं नाचते-गाते जश्न मनाते दिखीं। इस दौरान महिलाओं ने लोकगीत गाकर अपनी खुशी का इज़हार किया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सामने आए वीडियो में महिलाएं नाच रही हैं, साथ ही कुछ पुरुष भी वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हमीरपुर जिले की नादौन तहसील के सेरा गांव में हुआ था। ऐसे में सुक्खू के सीएम बनने की खबर से वहां के लोग काफी खुश और उत्साहित हैं।

Sukhvinder Singh Sukhu- शिमला में चलाया दूध का काउंटर

सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता का नाम रसील सिंह है, जोकि हिमाचल परिवहन निगम में बस ड्राइवर थे। इसके अलावा खुद सुक्खू भी अपने शुरुआती दिनों में संघर्ष से गुजरे। इस दौरान उन्होंने शिमला में दूध का काउंटर भी चलाया है। वहीं कांग्रेस की तरफ से राज्य की कमान सौंपे जाने को लेकर उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी, उसे मैंने निभाई और आगे भी निभाऊंगा। बता दें कि सुखविंदर सिंह सुक्खू NSUI (कांग्रेस पार्टी का छात्र संगठन) के अध्यक्ष भी रहे थे।

Himachal Pradesh Congress: राज्य की जनता से किए वादे पूरा करेंगे:

10 दिसंबर को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, “मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमारी सरकार राज्य में बदलाव लाएगी। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। हमें प्रदेश के विकास के लिए काम करना है।”