Himachal Assembly Elections: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में 68 विधानसभा सीटों पर शनिवार(12 नवंबर, 2022) को वोट डाले गए। वहीं जो सबसे बड़ी बात है, वो यह है कि दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र लाहौल और स्पीति (Lahaul and Spiti) के ताशिगंग(Tashigang) में करीब 98.08 फीसदी मतदान हुआ है। यहां 52 पंजीकृत मतदाताओं में से 51 ने नई राज्य सरकार चुनने के लिए वोट डाला।
15,256 फीट की ऊंचाई पर स्थित ताशिगंग (Tashigang) में मतदान केंद्र को वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान को आसान बनाने के लिए एक आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था। हिमाचल प्रदेश में 68 सीटों पर नई सरकार चुनने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ था। राज्य में 412 उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में कुल मतदाताओं में से 27,37,845 महिलाएं, 28,54,945 पुरुष और 38 थर्ड जेंके हैं। इस बार सभी पार्टियों की 24 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं।
हिमाचल प्रदेश के चुनावों के लिए हाई-वोल्टेज प्रचार अभियान 10 नवंबर को समाप्त हो गया था। भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। वहीं कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी वाड्रा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।
हिमाचल चुनाव में लड़ाई राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के बीच है, जो 1982 के बाद से हर पांच साल में वैकल्पिक पार्टी के सत्ता में आने की प्रवृत्ति को दरकिनार करते हुए सत्ता बरकरार रखना चाहती है। वहीं कांग्रेस अपनी 10 गारंटियों की बदौलत सत्ता में आने की उम्मीद लगाए है।
आम आदमी पार्टी राज्य में अपनी छाप छोड़ने की कतार में है और इस तरह अकेले सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सत्तारूढ़ भाजपा के लिए चुनौती सत्ता विरोधी लहर को खत्म करने और वैकल्पिक सरकार के चलन को बदलने की होगी। इन तीनों पार्टियों के अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी (आरडीपी) जैसी पार्टियां भी मैदान में हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, आज के मतदान के लिए कुल 7,881 मतदान केंद्र बनाए गए थे।