ABP C-Voter Opinion Poll: गुजरात में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है। पहले चरण में 1 दिसंबर और दूसरे चरण में 5 दिसंबर को वोटिंग होगी। 8 दिसंबर को नतीजे आएंगे। गुजरात की जनता मूड जानने के लिए सी-वोटर ने ओपिनियन पोल किया है। इस ओपिनियन पोल में उत्तर गुजरात, दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र की सभी सीटों पर सर्वे किया गया। इस सर्वे के बेहद चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। आपको बताते हैं कि गुजरात में कहां किसको कितनी सीटें और वोटर शेयर मिल सकता है।
सी-वोटर ओपिनियन पोल के मुताबिक गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में बीजेपी को 131-139 सीटें मिली सकती हैं। वहीं कांग्रेस के खाते में 31-39 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है, जबकि आम आदमी पार्टी को 07-15 सीटें मिल सकती है। वहीं अन्य के खाते में 00-02 सीटें मिलने का अनुमान है।
उत्तर गुजरात की कुल 32 सीटों में से बीजेपी को 18-22, कांग्रेस- 7-11, आप- 2-4 और अन्य को 0-1 सीट मिल सकती है। दक्षिण गुजरात की बात करें तो यहां की कुल 35 सीटों में से बीजेपी- 26-30, कांग्रेस- 4-8, आप- 0-2 और अन्य के खाते में 0-1सीट जाने का अनुमान है। सौराष्ट्र की कुल 54 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं। यहां बीजेपी- 37-41, कांग्रेस- 8-12, आप- 4-6 और अन्य को 0-1 सीट मिलने का अनुमान है। मध्य गुजरात की कुल 61 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी बाजी मारती हुई दिखाई दे रही है। यहां बीजेपी- 46-50, कांग्रेस- 8-12, आप- 1-3 वहीं अन्य के खाते में 0-2 सीट जाती हुई दिखाई दे रही है।
सी-वोटर के मुताबिक,गुजरात में किस पार्टी को कितने प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। उत्तर गुजरात की बात करें तो यहां भारतीय जनता पार्टी बाजी मारती दिखाई दे रही है। यहां भारतीय जनता पार्टी को 42 फीसदी वोट प्रतिशत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं कांग्रेस को 32 प्रतिशत वोट शेयर मिल रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी को 22 प्रतिशत वोट शेयर मिलने की संभावना हैं। वहीं अन्य को 4 फीसदी वोट प्रतिशत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है।
दक्षिण गुजरात में वोट प्रतिशत की बात करें तो यहां भी भारतयी जनता पार्टी को सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत मिल रहा है। यहां बीजेपी- 49%, कांग्रेस- 31%, आप- 15% और अन्य को 5 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।
सौराष्ट्र में में किस पार्टी को कितना वोट प्रतिशत मिल रहा है तो यहां भी भारतयी जनता पार्टी को सबसे ज्यादा 43% वोट प्रतिशत मिल रहा है। वहीं कांग्रेस को 28%, आम आदमी पार्टी को 22 प्रतिशत और अन्य को 7 प्रतिशत वोट शेयर मिलने की संभावना है।
गुजरात में कुल वोट प्रतिशत की बात करें कि किस पार्टी को कितना वोट प्रतिशत मिल रहा है तो पूरे गुजरात में भारतीय जनता पार्टी को आधे से कुछ कम यानी 45 प्रतिशत वोट शेयर मिलता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि कांग्रेस को 29 प्रतिशत, आम आदमी पार्टी को 20 प्रतिशत और अन्य 6 प्रतिशत वोट शेयर मिलने की संभावना है।
56 प्रतिशत लोगों का मानना है कि गुजरात में बीजेपी की सरकार बनेगी
वहीं ओपिनियन पोल में सवाल किया गया कि गुजरात में क्या लगता है कौन जीतेगा? इस सवाल के चौंकाने वाले जवाब मिले हैं। सर्वे में 56 प्रतिशत लोगों ने कहा कि राज्य में बीजेपी की वापसी होगी। 17 प्रतिशत लोगों का कहना है कि गुजरात में कांग्रेस की जीत होगी। वहीं 20 प्रतिशत लोगों का मानना है कि आम आदमी पार्टी की जीत होगी। जबकि 2 प्रतिशत लोगों का कहना है कि अन्य की जीत हो सकती है। इसके अलावा सर्वे में एक प्रतिशत लोगों ने कहा कि राज्य में त्रिशंकु सरकार बनेगी। 4 प्रतिशत लोगों का मानना है कि राज्य में किसकी सरकारी बनेगी उन्हें नहीं पता।