Gujarat election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार (11 नवंबर, 2022) को अपने सात उम्मीदवारों के साथ अपनी तीसरी सूची जारी की है। इंद्रनिल राजगुरु को राजकोट ईस्ट से टिकट दिया गया है। पार्टी द्वारा अब तक घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 96 है। कांग्रेस ने पिछले शुक्रवार को 43 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए अपनी पहली सूची जारी की थी। वहीं कांग्रेस ने गुरुवार को 46 उम्मीदवारों की एक सूची जारी की थी।

कांग्रेस ने तीसरी सूची में नामित उम्मीदवारों में रापर से बच्चूभाई अरेठिया, वाधवान से तरुण गढ़वी और नवसारी से दीपक बरोयह शामिल हैं। पार्टी ने गंडेवी से अशोकभाई लल्लूभाई पटेल को मैदान में उतारा है।

वहीं गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। स्टार प्रचारकों की सूची में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, समेत कुल 40 स्टार प्रचारकों के नाम शामिल हैं। वहीं पार्लियामेंट्री बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति से हटाए गए केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया गया है। गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी और पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। दोनों ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।

इसी बीच गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं के पार्टी बदलने का भी दौर शुरू हो गया है। गुजरात के खेड़ा जिले में मातर विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक केसरी सिंह सोलंकी (Kesarisinh Solanki) को बीजेपी ने टिकट नहीं दिया तो उन्होंने गुरुवार को आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। गुजरात में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया (AAP state president Gopal Italia) ने ओबीसी नेता केसरी सिंह सोलंकी का पार्टी में स्वागत किया और एक ट्विटर पोस्ट में इसकी घोषणा की। आप ने हालांकि मातर सीट ( Matar Assembly constituency) से महिपत सिंह चौहान को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश कर रही है। जहां भगवा पार्टी दो दशकों से अधिक समय से सत्ता में है। 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के लिए दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को मतदान होगा। वहीं मतगणना 8 दिसंबर को होगी।