Gujarat Assembly Polls 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक पार्टियों के नेता जनता से लोकलुभावन वादे कर रही हैं। इस कड़ी में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने गुजरात दौरे के दौरान राज्य की जनता से कई तरह के वादे किए हैं। केजरीवाल ने यहां तक कहा है कि अगर गुजरात में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वो महिलाओं के खाते में एक हजार रुपए भेजेंगे। केजरीवाल द्वारा जनता से किए जा रहे वादों को लेकर जब वडोदरा की महिलाओं से जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा कि यह महायुद्ध है। यहां से आम आदमी पार्टी को भगाएंगे। फ्री में कोई कुछ नहीं देता है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जो भी फ्री देंगे, वो भी कहीं से ही लेकर देंगे, वो तो झूठे हैं।

महिलाओं ने कहा कि यह धर्म की लड़ाई है, यह महायुद्ध है। इसमें धर्म की विजय होगी, अधर्म का नाश होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को हम लोग पसंद नहीं करते हैं। आम आदमी पार्टी को राज्य से बाहर भगाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई चीज मुफ्त में नहीं मिलती है। कोई किसी लेकर ही किसी को कोई चीज देता है। महिलाओं ने केजरीवाल के फ्री बिजली के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। साथ ही कहा कि केजरीवाल झूठ बोलते हैं। उनके वादों में दम नहीं है। महिलाओं ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में भी कुछ नहीं किया है।

बता दें, 9 अक्टूबर, 2022 को अहमदाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल गुजराती रंग में रंगे नजर आए। इस दौरान अपने संबोधन में केजरीवाल ने गुजराती में कहा था कि मैं अपनी बहनों से कहना चाहता हूं, उन्हें अब चिंता करने की जरूरत नहीं, तुम्हारा भाई आ गया है। जनसभा में केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे। केजरीवाल ने सरकार बनने पर गुजरात की महिलाओं के लिए एक हजार रुपए खाते में भेजने की बात कही थी। केजरीवाल ने घोषणा करते हुए कहा था कि सरकार बनने पर राज्य की हर महिला के खाते में एक हजार रुपए देंगे।

चुनाव आयोग इस सप्ताह गुजरात विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। 2017 में अपनाई गई परंपरा का हवाला देते हुए चुनाव आयोग ने इस महीने की शुरुआत में हिमाचल प्रदेश चुनाव की तारीखों के साथ गुजरात चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की थी। हिमाचल प्रदेश में जहां एक ही चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा, वहीं 8 दिसंबर को मतगणना होगी।

आयोग ने हिमाचल प्रदेश के लिए मतगणना की तारीख को मतदान के करीब एक महीने बाद रखते हुए स्पष्ट संकेत दिया था कि गुजरात के लिए भी वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी। 2017 में दोनों राज्यों में अलग-अलग तारीखों पर चुनाव की घोषणा की गई थी, लेकिन मतगणना 18 दिसंबर को एक साथ हुई थी।