Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष (Congress President) राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अपनी भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) से 1 दिन का ब्रेक लेंगे। 22 नवंबर को वो गुजरात जाएंगे और कांग्रेस के पक्ष में माहौल तैयार करने की कोशिश करेंगे। राहुल फिलहाल महाराष्ट्र में हैं। वहां वो ड्रम पर अपना हुनर दिखाते दिखे थे।

राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से एक दिन की छुट्टी के दौरान गुजरात का दौरा करेंगे। राहुल गांधी आज महाराष्ट्र में थे। यह यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। इससे पहले महाराष्ट्र के पांच जिलों में 382 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। 7 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा ने तेलंगाना से महाराष्ट्र में प्रवेश किया था। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यात्रा अब तक छह राज्यों के 28 जिलों का दौरा कर चुकी है।

गुजरात में दो चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 1 दिसंबर को मतदान होगा और 5 दिसंबर को दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी। इससे पहले कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए नौ उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की थी। नौ उम्मीदवारों के नाम जारी करने के साथ ही पार्टी ने अब तक 104 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

कांग्रेस ने 4 नवंबर को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 43 उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। 46 उम्मीदवारों की दूसरी सूची 10 नवंबर को घोषित की गई थी। शुक्रवार को सात उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की गई थी। विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) गुजरात में भाजपा के 27 साल के शासन को खत्म करने की कोशिश में हैं।

भाजपा पिछले 27 सालों से राज्य में सत्ता में है और इसे भाजपा का गढ़ माना जाता है। भाजपा को टक्कर देने के लिए इस बार कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी मैदान में है, जिसके चलते गुजरात चुनाव बेहद दिलचस्प हो गया है।