CM Yogi In Gujarat Election: गुजरात की 182 विधानसभा सीटों (Gujarat Assembly Election) में से 89 सीटों पर पहले चरण का मतदान हो चुका है। वहीं दूसरे चरण के लिए 5 दिसंबर वोट डाले जाएंगे। इसको लेकर तमाम राजनीतिक दलों के नेता चुनाव-प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (3 दिसंबर, 2022) को गुजरात के अलग-अलग इलाकों में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने कांग्रेस पार्टी को जमकर निशाना साधा।
गुजरात के खेड़ा (महधा विधानसभा क्षेत्र) में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ (UP CM Yogi Adityanath) ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को 403 में से मात्र दो सीट मिली हैं। उन्होंने कहा कि राम नाम सत्य है के लिए चार लोग चाहिए होते हैं पर कांग्रेस को चार भी नहीं मिले। आम आदमी पार्टी को तो एक भी सीट नहीं मिली।
आज भारत आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद से मुक्त हो गया: योगी आदित्यनाथ
वहीं गुजरात के धोलका विधान सभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद से मुक्त हो गया है। ये भारत की बढ़ती हुई प्रतिष्ठा का प्रमाण है। सुरक्षित भारत का नया मॉडल दुनिया के सामने पेश किया गया है।
‘गुजरात की धरती ने देश को महात्मा गांधी जैसा महापुरुष दिया’
1 दिसंबर को गुजरात के पाटन में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि इस बार भी बीजेपी की जीत होगी। गुजरात की धरती बड़ी पावन धरती है। गुजरात की धरती ने हमेशा देश को नई प्रेरणा दी है। गुजरात की धरती ने देश को महात्मा गांधी जैसा महापुरुष दिया।
‘गुजरात की पावन भूमि ने देश को नरेंद्र मोदी के रूप में प्रधानमंत्री दिया’
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा जब भारत की राजनीति, बेईमानी भ्रष्टाचार, अराजकता और कांग्रेस के परिवारवादी राजनीति की शिकार बन चुकी थी। लोगों में आक्रोश था राजनीति के प्रति अविश्वास था। उस समय साल 2014 में गुजरात ने देश को पीएम के रूप में नरेंद्र मोदी को दिया। बता दें, गुजरात में पहले चरण की वोटिंग हो चुकी है। इसके बाद 5 दिंसबर को दूसरे चरण की वोटिंग होगी। 8 दिसंबर को नतीजे आएंगे।