Gujarat News: आम आदमी पार्टी (AAP) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया (Gopal Italia) को धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद उन्हें थाने से ही जमानत मिल गई।

Gopal Italia ने किया ट्वीट

भावनगर के उमराला थाना पुलिस ने गोपाल इटालिया को गिरफ्तार किया था। इसकी जानकारी खुद गोपाल इटालिया ने ट्वीट करके दी। गुजरात में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने अपनी गिरफ्तारी की जानकारी देने के साथ ही बीजेपी पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा, “गुजरात की जनता द्वारा भ्रष्ट भाजपा को दिए पूर्ण बहुमत की नई सरकार ने काम करना चालू कर दिया है। भावनगर पुलिस ने आज मुझे गिरफ़्तार किया। मेरी ख़ुद की दादी मां का कल निधन हुआ है, पूरा परिवार दुखी है लेकिन भाजपा ने मुझे अरेस्ट कर लिया है। शायद यही काम के लिए बहुमत मिला होगा। आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि हमें तोड़ने और परेशान करने के साथ-साथ हमारी पार्टी को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद मिली Bail

भावनगर जिले के पुलिस अधीक्षक रविंद्र पटेल ने बताया कि इटालिया के खिलाफ चार सितंबर 2022 को जिले के उमराला थाने में भारतीय दंड संहिता (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) की धारा 295-ए के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि इटालिया को गिरफ्तारी के बाद थाने में ही जमानत पर रिहा कर दिया गया। AAP नेता गोपाल इटालिया को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद उन्हें तुरंत जमानत पर छोड़ दिया गया।

Gopal Italia ने द्वारका में चुनावी रैली में दिया था विवादास्पद बयान

दरअसल, यह मामला द्वारका में एक चुनावी रैली में दिये गये उनके बयान से जुड़ा है। मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि गोपाल इटालिया ने भगवान कृष्ण के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अमित डांगर नाम के शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि गोपाल इटालिया ने भगवान कृष्ण की तुलना राक्षसों से की थी।

इससे पहले अक्टूबर 2022 में पुलिस ने गोपाल इटालिया को हिरासत में लेकर तीन घंटे तक पूछताछ की थी। हिरासत से छूटने के बाद उन्होंने बीजेपी, दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की चेयरमैन रेखा शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए थे।