राजस्थान के जालोर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना के दौरान कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विवेक बंसल भी मौके पर मौजूद थे। विवेक विधानसभा चुनाव में परिणामों के बाद कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देने आए थे। बंसल कार्यकर्ताओं से बातचीत कर ही रहे थे कि इसी बीच कई लोग आपस में भिड़ गए।

कार्यकर्ताओं में मारपीट के बाद बंसल ने उन्हें समझाने की कोशिश की। इस समय जालोर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी पहले ही गुटबाजी से जूझ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार को बंसल से मुलाकात के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे थे, तभी एक कार्यकर्ता ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। उसका कहना था कि बंसल से मिलने के लिए वो लोग भी जा रहे हैं जो कांग्रेस पार्टी के सदस्य नहीं है।

इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आपस में बहस छिड़ गई और देखते ही देखते ये लात-घूंसे चलने लगे। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में झगड़ रहे है। बता दें कि 13 जनवरी को भी इसी तरह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की थी।

बता दें कि पिछले साल दिसंबर महीने में हुए विधानसभा चुनाव में राजस्थान में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की है। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री बनाया है जबकि सचिन पायलट राज्य में डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। विधानसभा चुनावों में अच्छे परिणाम के बाद कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भी कोशिश जारी रखना चाहती है। इसलिए पार्टी की ओर से विधानसभा चुनावों के परिणामों की जिलास्तर पर चर्चा हो रही है। हार और जीत के कारणों पर पार्टी की राज्य ईकाई लगातार मंथन कर रही है।