18 December Highlights: अभिनेता से राजनेता बने विजय ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु में सत्तारूढ़  DMK पर जोरदार हमला किया और उसे ‘बुरी ताकत’ करार दिया। अन्नाद्रमुक के दिवंगत दिग्गज नेताओं एम.जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता अक्सर द्रमुक को निशाना बनाते हुए इस शब्द का इस्तेमाल करते थे। विजय ने कहा कि उनकी तमिलगा वेत्तरी कषगम (TVK) एक ‘अच्छी ताकत’ है, और अब 2026 के विधानसभा चुनाव में मुकाबला टीवीके और DMK के बीच है।

करूर में 27 सितंबर को हुई रैली के बाद तमिलनाडु में यह उनकी पहली जनसभा थी। करूर रैली में भगदड़ मचने से 41 लोग मारे गए थे। विजय ने कहा कि उनकी पार्टी टीवीके ‘थूया सक्ति’ (अच्छी ताकत) है। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा, “अब मुकाबला थूया सक्ति टीवीके और थीय सक्ति द्रमुक के बीच है।”

Live Updates
16:58 (IST) 18 Dec 2025

विजय ने DMK सरकार को कानून-व्यवस्था और कृषि जैसे मुद्दों पर भी घेरा

विजय ने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व उन्हें बदनाम करने के लिए अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा, “दिवंगत मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुराई और एमजीआर सभी के लिए प्रेरणास्रोत थे, न कि व्यक्तिगत संपत्ति। हमसे उनके संदर्भ में कोई शिकायत नहीं कर सकता।”

उन्होंने DMK सरकार को कानून-व्यवस्था और कृषि जैसे मुद्दों पर भी घेरा। विजय ने कहा कि हाल ही में टीवीके में शामिल हुए अन्नाद्रमुक के पूर्व वरिष्ठ नेता केए सेंगोट्टैयन जैसे और नेताओं का पार्टी में स्वागत किया जाएगा और उन्हें उचित सम्मान मिलेगा। 

16:57 (IST) 18 Dec 2025

तमिलनाडु में मुकाबला TVK और DMK के बीच- विजय

विजय ने कहा कि उनकी पार्टी टीवीके 'थूया सक्ति' (अच्छी ताकत) है। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा, "अब मुकाबला थूया सक्ति टीवीके और थीय सक्ति द्रमुक के बीच है।"

16:27 (IST) 18 Dec 2025

वाराणसी में धार्मिक स्थलों पर कुर्की का आदेश लागू नहीं होगा

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कई मठों और मंदिरों को बकाया कर के भुगतान में देरी के लिए कुर्की नोटिस जारी किये जाने पर संत समाज द्वारा नाराजगी जताये जाने के बाद बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर कुर्की का आदेश लागू नहीं होगा। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नगर निगम अधिनियम की धारा 175 और 177 के तहत किसी भी मठ, मंदिर या धार्मिक संस्थान पर ‘हाउस टैक्स’ लागू नहीं होता है। उन्होंने बताया कि बिलिंग प्रणाली में हाल ही में किए गए तकनीकी बदलाव के कारण कुछ स्थानों पर त्रुटिवश नोटिस जारी हो गए थे, जिन्हें तत्काल ठीक कराया जा रहा है।

16:13 (IST) 18 Dec 2025

अजय राय ने जेल में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर से मुलाकात की

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने बृहस्पतिवार को देवरिया जिला जेल में बंद भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी अमिताभ ठाकुर से मुलाकात की और आरोप लगाया कि राज्य सरकार अधिकारी को पुराने मामलों में फंसाकर परेशान कर रही है।

16:12 (IST) 18 Dec 2025

चाय की दुकान में घुसा ट्रक, चालक समेत दो लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बृहस्पतिवार सुबह कोहरे के कारण तेज रफ्तार एक ट्रक अनियंत्रित होकर चाय की एक दुकान में जा घुसा, जिससे वाहन चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

15:56 (IST) 18 Dec 2025

विपक्ष ने ‘जी राम जी विधेयक’ को ग्रामीण रोजगार खत्म करने वाला कदम बताया

कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों ने लोकसभा में ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक’ पारित होने के बाद इसे ग्रामीण रोजगार खत्म करने वाला विधेयक करार दिया और सरकार पर महात्मा गांधी से ‘नफरत करने’ का आरोप लगाया। दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधेयक की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनकल्याण होगा तथा ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

15:46 (IST) 18 Dec 2025

पिछले चार महीनों में 40 लाख वार्षिक फास्टैग पास जारी किए गए: गडकरी

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार 2026 तक देश भर के सभी 1,050 टोल प्लाजा पर अवरोध मुक्त टोल संग्रह की व्यवस्था लागू करेगी और बीते अगस्त से चार महीनों में लगभग 40 लाख वार्षिक फास्टैग पास जारी किए गए हैं।

13:54 (IST) 18 Dec 2025

दिल्ली हवाई अड्डे पर 27 उड़ानें रद्द, कई अन्य के परिचालन में देरी

घने कोहरे और उसकी वजह से दृश्यता कम होने के कारण बृहस्पतिवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर विभिन्न एयरलाइन की 27 उड़ानें रद्द कर दी गईं और कई अन्य के परिचालन में देरी हुई। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया, ‘‘घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर 16 प्रस्थान और 11 आगमन से जुड़ी अब तक 27 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।’’

13:50 (IST) 18 Dec 2025

गोपालगंज स्थित प्रसिद्ध थावे मंदिर से स्वर्ण मुकुट चोरी

बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित प्रसिद्ध थावे मंदिर से बृहस्पतिवार तड़के देवी की प्रतिमा का स्वर्ण मुकुट कथित तौर पर चोरी हो गया। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को मंदिर से देवी प्रतिमा का स्वर्ण मुकुट लेकर भागते हुए देखा गया है। चोरी हुआ मुकुट लगभग 500 ग्राम वजनी बताया जा रहा है।

13:41 (IST) 18 Dec 2025

लोकसभा ने ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक, 2025’ को मंजूरी दी

लोकसभा ने विपक्ष के हंगामे के बीच बृहस्पतिवार को ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक, 2025’ को मंजूरी दे दी। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विधेयक पर चर्चा का जवाब दिए जाने के बाद सदन ने इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया। विधेयक पारित होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर एक बजकर सात मिनट पर शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

13:40 (IST) 18 Dec 2025

राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा

राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में बृहस्पतिवार तड़के न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार नागौर में बीती रात न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री, बीकानेर के लूणकरणसर में 4.9 डिग्री, सिरोही में 5.4 डिग्री और दौसा में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

13:39 (IST) 18 Dec 2025

कौशांबी: कोहरे में डंपर ने छात्रा को टक्कर मारी, मौत

यूपी के कौशांबी जिले के महेवा घाट थाना क्षेत्र में घने कोहरे के बीच एक डंपर ने एक छात्रा को गुरुवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महेवा घाट थाने के प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उपरहार गांव निवासी सरिता देवी (15) दसवीं की छात्रा थी और सुबह करीब नौ बजे स्कूल जा रही थी तभी बैरागीपुर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी ।

12:15 (IST) 18 Dec 2025

प्रियंका ने कहा कई दिन से ‘अपॉइंटमेंट’ नहीं मिल रहा, गडकरी बोले: दरवाजा हमेशा खुला है

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पिछले कुछ महीनों से ‘अपॉइंटमेंट’ (मुलाकात के लिए समय) की मांग किए जाने के बारे में याद दिलाया, जिस पर मंत्री ने कहा कि वह कभी भी मिल सकती हैं, क्योंकि उनका दरवाजा हमेशा खुला रहता है। केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी ने प्रश्नकाल के दौरान चंडीगढ़-शिमला राजमार्ग से संबंधित पूरक प्रश्न पूछते हुए इस बात का उल्लेख किया कि वह गत जून महीने से अपने क्षेत्र के मुद्दों को लेकर गडकरी से मिलने का समय मांग रही हैं।

11:31 (IST) 18 Dec 2025

मस्कट में मुक्त व्यापार समझौते पर आज भारत और ओमान के बीच हस्ताक्षर

भारत और ओमान गुरुवार को मस्कट में एक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे, जिससे वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण, आटोमोबाइल, आटो कंपोनेंट्स, रत्न एवं आभूषण जैसे क्षेत्रों में अधिक अवसर खुलेंगे। यह समझौता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में होगा। तीन राष्ट्रों की चार दिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में बुधवार को मोदी इथियोपिया के अदीस अबाबा से ओमान के मस्कट पहुंच गए।

11:18 (IST) 18 Dec 2025

मनरेगा का नाम बदलना नहीं, हमारा अधिकार छीना जा रहा: मल्लिकार्जुन खड़गे

राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "यह MGNREGA का नाम बदलने के बारे में नहीं है, यह काम के अधिकार के बारे में है। वे हमसे दिया गया अधिकार छीन रहे हैं... वे लोगों के अधिकार छीन रहे हैं। यह एक बड़ा मुद्दा है, और यह गरीबों के लिए बहुत मुश्किल है। इसलिए, हम इसके लिए आखिर तक लड़ेंगे। हम सड़कों पर लड़ेंगे और हर राज्य के हर जिले में आंदोलन होगा..."

10:51 (IST) 18 Dec 2025

कांग्रेस की अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ अत्याचार रोकने की मांग

कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल कहते हैं, "हम साफ तौर पर अल्पसंख्यक समुदायों, खासकर ईसाई समुदाय के खिलाफ अत्याचार रोकने की मांग कर रहे हैं। जब भी चुनाव आते हैं, केरल के बीजेपी नेता केक को लेकर ईसाई नेताओं से मिलने की कोशिश करते हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ में क्या हुआ? मध्य प्रदेश में? ओडिशा में? राजस्थान में? अब तिरुवनंतपुरम में? यह पूरी तरह से निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।

10:27 (IST) 18 Dec 2025

'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के शिल्पकार राम सुतार का 100 वर्ष की आयु में निधन

दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के शिल्पकार राम सुतार का बुधवार देर रात नोएडा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 100 वर्ष के थे और वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' गुजरात में स्थापित की गई है। शिल्पकार के पुत्र अनिल सुतार ने गुरुवार को प्रेस के साथ साझा किए एक नोट में कहा, ‘‘अत्यंत दुख के साथ हम आपको सूचित करते हैं कि मेरे पिता श्री राम वनजी सुतार का 17 दिसंबर की मध्यरात्रि को हमारे निवास पर निधन हो गया।’’

09:13 (IST) 18 Dec 2025

असम के कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर निषेधाज्ञा लागू

असम के कछार जिले में अवैध आवाजाही को रोकने के लिए प्रशासन ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर निषेधाज्ञा लागू कर दी है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि शांति और स्थिरता को भंग करने के लिए चरमपंथी तत्वों की संभावित आवाजाही और सीमा पार से अनधिकृत गतिविधियों की आशंका को देखते हुए संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में एहतियाती प्रतिबंध लगाए गए हैं।

08:51 (IST) 18 Dec 2025

दिल्ली की सीमा पर स्थित नौ टोल प्लाजा को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर पर चिंता जताते हुए एनएचएआई तथा एमसीडी से कहा कि वे राष्ट्रीय राजधानी की सीमा पर स्थित नौ टोल प्लाजा को अस्थायी रूप से बंद करने या स्थानांतरित करने पर विचार करें, ताकि शहर में यातायात भीड़ में कमी लाई जा सके।

17:56 (IST) 17 Dec 2025

मनरेगा में रोजगार न मिलने पर 15 दिन में भत्ता मिलता था - जयप्रकाश

जयप्रकाश ने कहा कि मनरेगा में रोजगार न मिलने पर 15 दिन में भत्ता मिलता था। इस बिल के बारे में मंत्री जी जानकारी देंं।

17:54 (IST) 17 Dec 2025

पांच हजार से अधिक सरकारी स्कूलों में शून्य छात्र, 70 प्रतिशत विद्यालय तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में

भारत में 10.13 लाख सरकारी विद्यालयों में से 5,149 विद्यालय में एक भी छात्र नहीं हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 शैक्षणिक वर्ष में जिन विद्यालयों में एक भी बच्चे ने नामांकन नहीं कराया, उनमें 70 प्रतिशत से अधिक स्कूल तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में हैं।

17:38 (IST) 17 Dec 2025

राष्ट्रीय राजमार्ग की 574 परियोजनाएं समय से पीछे- गडकरी

सरकार ने बुधवार को संसद में बताया कि 3.60 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली निर्माणाधीन 574 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के कार्यान्वयन में देरी हुई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्ष में आवंटित इन 574 विलंबित परियोजनाओं में से 300 में एक साल से कम की देरी हुई है। उन्होंने बताया कि 253 परियोजनाओं में एक से तीन साल तथा 21 परियोजनाओं में तीन साल से अधिक की देरी हुई है।

17:32 (IST) 17 Dec 2025

दिल्ली की सीमा पर स्थित नौ टोल प्लाजा को अस्थायी रूप से बंद करने पर विचार करें: उच्चतम न्यायालय

उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर पर चिंता जताते हुए बुधवार को एनएचएआई और एमसीडी से कहा कि वे राष्ट्रीय राजधानी की सीमा पर स्थित नौ टोल प्लाजा को अस्थायी रूप से बंद करने या स्थानांतरित करने पर विचार करें, ताकि शहर में यातायात भीड़ में कमी लाई जा सके।

17:30 (IST) 17 Dec 2025

टेस्ला ने गुड़गांव में पहला चार्जिंग स्टेशन शुरू किया

इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला ने बुधवार को गुड़गांव के डीएलएफ होराइजन सेंटर में अपना पहला चार्जिंग स्टेशन शुरू किया। कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह महत्वपूर्ण कदम भारत में मजबूत चार्जिंग अवसंरचना बनाने के लिए टेस्ला की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे ग्राहकों को सहज और टिकाऊ परिवहन समाधान मिलेंगे।

17:29 (IST) 17 Dec 2025

गुजरात के मोरबी में सड़क हादसा

गुजरात के मोरबी जिले में सड़क किनारे चल रहे तीर्थयात्रियों को ट्रक ने रौंदा, चार लोगों की मौत और एक घायल

17:11 (IST) 17 Dec 2025

मोहाली: मुठभेड़ में संदिग्ध मारा गया

मोहाली में 30 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी एवं प्रमोटर की हत्या के एक संदिग्ध को बुधवार को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पंजाब के तरन तारन जिले के नौशेहरा पन्नुआं के रहने वाले हरपिंदर उर्फ मिड्डू का पुलिस की टीम पीछा कर रही थी और इस दौरान हुई गोलीबारी में वह घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उनका उपचार किया गया।

17:06 (IST) 17 Dec 2025

उप्र में जानलेवा सड़क हादसों के बाद राजमार्ग अधिकारियों ने कोहरे से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था की

उत्तर प्रदेश में राजमार्ग अधिकारियों ने सर्दियों के मौसम में घने कोहरे की स्थिति में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। एक दिन पहले राज्य में कोहरे से जुड़ी कई दुर्घटनाओं में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई थी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे (ताज एक्सप्रेसवे), पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख राजमार्गों का संचालन करने वाले उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीईआईडीए) ने कहा कि मंगलवार की दुर्घटनाओं के बाद अधिक सावधानियां बरती जा रही हैं।

17:04 (IST) 17 Dec 2025

कानून के तहत ई-सिगरेट प्रतिबंधित, एनसीबी के पास ऐसा कोई मामला नहीं - सरकार

सरकार ने बुधवार को राज्यसभा में बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट भारतीय कानून के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित हैं तथा स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने ई-सिगरेट और वेप उपकरणों की जब्ती से संबंधित किसी भी मामले की जांच नहीं की है। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण, भंडारण और विज्ञापन इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम (पीईसीए) के तहत प्रतिबंधित है।

16:08 (IST) 17 Dec 2025

छत्तीसगढ़ के कोरबा में हाथी के हमले में महिला की मौत

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत चैतमा क्षेत्र के नामपानी में मंगलवार देर रात हुई इस घटना में फूलसुंदरी मंझावार (60) की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि नामपानी की निवासी फूलसुंदरी और उसका पति घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे तभी रात तीन बजे अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया।

16:07 (IST) 17 Dec 2025

राजस्थान के कई इलाकों में तापमान में गिरावट

राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट होने से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। राज्य के बीकानेर संभाग में बुधवार सुबह भी कई जगह कोहरा छाया रहा। जयपुर के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नागौर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर के फतेहपुर में यह 3.8 डिग्री व सीकर में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बढ़ती सर्दी व कोहरा छाए रहने से विशेष रूप से बीकानेर संभाग के जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।