जम्मू-कश्मीर स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए जाने वालों को जल्दी ही केंद्र सरकार खुशखबरी देने वाली है। माना जा रहा है कि दिल्ली वाराणसी रूट के बाद अब दिल्ली से कटरा के लिए भी जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो सकता है। सूत्रों के हवाले से लिखी गई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस हाई स्पीड ट्रेन को अगस्त में शुरू किया जा सकता है।
बच जाएंगे यात्रियों के 4 घंटेः दिल्ली-कटरा रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हफ्ते में तीन दिन चलाया जाएगा। फिलहाल दिल्ली से कटरा पहुंचने पर आमतौर पर ट्रेन से लगभग 12 घंटे का समय लगता है। वंदे भारत एक्सप्रेस से यह दूरी महज 8 घंटे में तय होने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों को करीब 4 घंटे की बचत का फायदा मिल सकता है। बता दें कि दिल्ली-कटरा देश के सबसे व्यस्त रेलमार्गों में शुमार माना जाता है। ऐसे में नई ट्रेन चलने से रिजर्वेशन में भी सुविधा मिलेगी। साल में अधिकांश समय वैष्णोदेवी मंदिर के लिए दिल्ली से हजारों यात्री जाते हैं। इस रूट पर वंदे भारत के लिए कटरा ही टर्मिनल स्टॉप रहेगा।
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक यह ट्रेन दिल्ली से शाम के 6 बजे चलकर रात के 2 बजे कटरा पहुंचेगी। वहीं वापसी में कटरा से दोपहर 3 बजे चलकर रात के 11 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं रास्ते में यह ट्रेन अंबाला, लुधियाना और जम्मू तवी में रूकेगी। ट्रेन के अपग्रेडेड वर्जन में यात्रियों की सुविधा के लिए अंदर जगह बढ़ा दी गई है।
15 फरवरी को चली थी पहली वंदे भारतः देश में इस हाई स्पीड ट्रेन की शुरुआत 15 फरवरी को हुई थी। तब इसे ‘ट्रेन-18’ के नाम से जाना जाता था। बाद में इसका नाम बदलकर वंदे भारत एक्सप्रेस कर दिया गया है। फिलहाल यह देश की राजधानी दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के बीच चल रही है। इस ट्रेन की अधिकतम स्पीड 160 किमी प्रतिघंटा है।