दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2025 में इस बार चारों पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार ही मैदान में रह गए हैं। गुरुवार को नाम वापसी की समयसीमा खत्म होने के बाद डूसू चुनाव समिति ने अंतिम सूची जारी की। चयनित उम्मीदवारों में अध्यक्ष पद के लिए आठ, उपाध्यक्ष के लिए तीन, सचिव के लिए चार और संयुक्त सचिव पद के लिए पांच उम्मीदवार रह गए हैं।
इससे पहले बुधवार तक 82 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से 9 के पर्चे खारिज कर दिए गए और 73 नामांकन वैध माने गए। गुरुवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया में 53 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे वापस ले लिए। इसके बाद समिति ने अंतिम सूची जारी कर दी।
डूसू चुनाव इस वर्ष लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देशों के तहत हो रहे हैं। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से रोकने को लेकर सख्ती बरती जा रही है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष चुनाव के दौरान हुए बवाल के चलते दिल्ली उच्च न्यायालय ने मतगणना पर रोक लगा दी थी और चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए थे।
18 सितंबर को मतदान, मतगणना 19 को
डूसू चुनाव 2025 के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा और मतगणना 19 सितंबर को होगी। लगभग 2.75 लाख छात्र चुनाव में हिस्सा लेने के योग्य हैं। सुबह पाली के लिए मतदान सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी, जबकि शाम पाली के लिए मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा। केंद्रीय समिति के चार पदों के लिए मतदान इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों के माध्यम से होगा, जबकि कालेज स्तर के चुनाव मतपत्रों से होंगे।
इस बार कौन – कौन मैदान में
अध्यक्ष पद के लिए एनएसयूआइ ने जोसलीन नंदिता चौधरी व आइसा-एसएफआइ गठबंधन ने अंजलि को बनाया प्रत्याशी, एबीवीपी से आर्यन मान उम्मीदवार हैं।
पद | ABVP | NSUI | SFI – AISA |
अध्यक्ष | आर्यन मान | जोसलीन नंदिता चौधरी | अंजलि |
उपाध्यक्ष | गोविंद तंवर | राहुल झांसला | सोहन कुमार |
सचिव | कुणाल चौधरी | कबीर | अभिनंदना |
संयुक्त सचिव | दीपिका झा | लवकुश भड़ाना | अभिषेक कुमार |
एबीवीपी के उम्मीदवार – एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए आर्यन मान, उपाध्यक्ष पद के लिए गोविंद तंवर, सचिव पद के लिए कुणाल चौधरी और संयुक्त सचिव पद के लिए दीपिका झा को उम्मीदवार घोषित किया है।
एनएसयूआइ के उम्मीदवार – एनएसयूआइ ने अध्यक्ष पद के लिए जोसलीन नंदिता चौधरी, उपाध्यक्ष पद के लिए राहुल झांसला, सचिव पद के लिए कबीर और संयुक्त सचिव पद के लवकुश भड़ाना का नाम घोषित किया है।

वाम गठबंधन ने इन्हें बनाया उम्मीदवार – एसएफआइ-आइसा इस बार गठबंधन में डूसू चुनाव लड़ रहे हैं। गठबंधन ने भी गुरुवार को उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। गठबंधन ने अंजलि को अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। सोहन कुमार को उपाध्यक्ष, अभिनंदना को सचिव और अभिषेक कुमार को संयुक्त सचिव पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: ओम प्रकाश राजभर को लीगल नोटिस, एबीवीपी पर विवादित बयान का मामला