West Bengal Durga Pooja: दिसंबर 2021 में UNESCO की कल्चरल हेरिटेज लिस्ट में दुर्गा पूजा के शामिल होने के बाद यूनेस्को के निदेशक एरिक फाल्ट अपनी टीम के साथ दुर्गा पूजा के उत्सव के लिए अगले हफ्ते कोलकाता का दौरा करेंगे। वहीं, दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एलान किया कि राज्य के दुर्गा पूजा आयोजकों की ग्रांट बढ़ाई जा रही है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के साथ अपनी कोलकाता यात्रा के बारे में बात करते हुए यूनेस्को के निदेशक एरिक फाल्ट ने कहा, “यह एक अद्भुत उत्सव है और मुझे लगता है कि भारत में कई त्योहार हैं और निश्चित रूप से यह सबसे महत्वपूर्ण में से एक है। भारत ने 2022 में कल्चरल हेरिटेज लिस्ट में गरबा को भी शामिल करने के लिए नॉमिनेट किया है।”

पूजा आयोजकों की बढ़ाई ग्रांट: वहीं, सीएम ममता बनर्जी ने एलान किया है कि राज्य के दुर्गा पूजा आयोजकों की ग्रांट बढ़ाई जा रही है। पूजा कमेटियों को पहले से मिल रही 50 हजार की राशि की जगह इस साल 60 हजार रुपए दिए जाएंगे। ममता बनर्जी ने कहा कि दुर्गा पूजा आयोजकों को बिजली दरों में 60 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

मेगा रैली कर करेंगे धन्यवाद: इसके साथ ही यूनेस्को का आभार जताने के लिए 1 सितंबर 2022 को दोपहर जोड़ा सांको ठाकुरबाड़ी से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें 10 हजार बच्चे भाग लेंगे। ममता बनर्जी ने सोमवार को आगामी दुर्गा पूजा के संबंध में नेताजी इंडोर स्टेडियम में पूजा समिति के साथ समन्वय बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जुलूस में सर्वधर्म के लोग शामिल होंगे और कोलकाता के दुर्गा पूजा को हेरिटेज घोषित करने के लिए यूनेस्को को धन्यवाद दिया जाएगा। जुलूस का नेतृत्व खुद ममता बनर्जी करेंगी।

सीएम ममता बनर्जी ने एलान किया है कि पश्चिम बंगाल में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर 2022 तक पूजा की छुट्टियां रहेंगी, वहीं 8 अक्टूबर को रंगारंग कार्निवाल होगा। उन्होंने घोषणा करते हुए बताया कि 24- 25 अक्टूबर को काली पूजा और दिवाली की छूटी है। 27 अक्टूबर को भाईदूज और 30-31 अक्टूबर को छठ पूजा की छुट्टी है।