मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ सरकार का रिमोट अपने हाथ में होने के आरोपों को खारिज किया। इस दौरान उन्होंन चुटीले अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास प्रदेश सरकार का छोड़िए, घर के टीवी तक का रिमोट नहीं है।’’
स्मार्ट सिटी पर बीजेपी को घेरा : दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद नहीं जानते हैं कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट आखिरकार क्या है? यह सिर्फ एक छलावा है, जिसके नाम पर गरीबों के घर तोड़ दिए गए। 2019 में मोदी और अमित शाह का जादू पूरी तरह खत्म हो जाएगा। लोकसभा चुनाव के परिणाम से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।’’
राज्य सरकार गिराने के मुद्दे पर भी बोले दिग्गी : पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार गिराने के बीजेपी के दावे को निराधार बताया। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को किसी भी तरह का खतरा नहीं है। उल्टा बीजेपी के कई विधायक मेरे संपर्क में हैं। वे अपनी पार्टी में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।’’
अब केंद्र में बनेगी कांग्रेस सरकार : मध्य प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन ने दावा किया है कि राज्य के बाद अब केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारियां शुरू कर दें। अब केंद्र में बदलाव का समय है।