भाजपा ने नगर निगम उपचुनाव के लिए प्रचार की कवायद तेज कर दी है। इसी के तहत केंद्रीय मंत्री व चांदनी चौक से सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को बल्लीमरान और शालीमार बाग वार्ड के प्रत्याशियों के प्रचार अभियान में हिस्सा लिया। हर्षवर्धन ने बल्लीमारान के प्रत्याशी नितिन तिवारी के साथ मतदाताओं से संपर्क कर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की। शालीमार बाग के प्रत्याशी भूपेंद्र मोहन भंडारी के साथ उन्होंने शालीमार गांव में पदयात्रा भी की। वजीरपुर से प्रत्याशी डॉ. महेंद्र नागपाल ने भी प्रदेश महामंत्री रेखा गुप्ता के साथ वजीरपुर गांव में पदयात्रा की।
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय और सांसद मीनाक्षी लेखी ने मुनीरका गांव में मुनीरका वार्ड के प्रत्याशी सुदेश टोकस के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया और नानकपुरा से प्रत्याशी नितिन शर्मा के साथ जनसंपर्क अभियान के तहत नानकपुरा गुरुद्वारे में सिख संगत की बैठक को संबोधित किया। पूर्व विधायक अनिल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष विशाखा शैलानी और मंत्री जयवीर राणा भी मुनीरका और नानकपुरा के प्रचार में शामिल हुए। सासंद रमेश बिधूड़ी ने इंदिरा कल्याण विहार में तेहखंड वार्ड से प्रत्याशी सुनील बिधूड़ी के समर्थन में आयोजित स्थानीय आरडब्लूए की दो बैठकों को संबोधित किया।
सांसद प्रवेश वर्मा ने रविवार को पश्चिमी दिल्ली के नवादा वार्ड के प्रत्याशी कृष्ण गहलौत के समर्थन में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया और विकास नगर वार्ड से प्रत्याशी सुनील जिंदल के समर्थन में बूथ संयोजकों की बैठक को संबोधित किया। खिचड़ीपुर से प्रत्याशी विनोद कुमार बिन्नी ने वसुंधरा ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में जनसंपर्क किया और आरडब्लूए की बैठक को जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा के साथ संबोधित किया। झिलमिल से प्रत्याशी जितेंद्र सिंह शंटी ने विधायक ओमप्रकाश शर्मा और जिलाध्यक्ष डॉ. कंवर सेन के साथ ज्वाला नगर, डीडीए फ्लैट्स और मदर डेयरी में जनसंपर्कअभियान चलाया।