Delhi MCD Election 2022: आम आदमी पार्टी (AAM Aadmi Party) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गुरुवार (24 नवंबर, 2022) को NDTV से कई मुद्दों को लेकर बातचीत की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो कहता है, मैं औरंगजेब हूं और ये मेरी सल्तनत है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर हम योगा क्लासेस चलाते थे। मेरी सरकार जनता को फ्री में योगा सिखाती थी। उन्होंने कहा कि 17 हजार लोग दिल्ली में योगा क्लास करते थे, लेकिन एलजी ने एक दिन फाइल मंगाकर योगा क्लास बंद कर दी। क्या यह सही है। केजरीवाल ने कहा कि हमने एलजी साहब के पैर पकड़े, सब कुछ किया, लेकिन वो नहीं माने। दिल्ली सीएम ने कहा कि योगा कौन बंद करता है। योगा बंद करने से पाप चढ़ता है। हमारे हिंदू धर्म में कहा गया है कि कोई बीमार हो, उसका इलाज कराओ तो पुन मिलता है, कोई गरीब हो उसको शिक्षा दो तो पुन मिलता है।
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के कचरा प्रबंधन मुद्दे और यमुना प्रदूषण पर भी बात की। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी पर दिल्ली के लोगों को भरोसा है। उन्होंने कहा कि एमसीडी में भ्रष्टाचार है, हर काम के लिए पैसा लगता है। एमसीडी में सारे काम बिना पैसे के होंगे।
केजरीवाल से जब पूछा गया कि दिल्ली में कूड़े के पहाड़ कैसे हटेंगे? इस सवाल पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं सोच समझकर बात करता हूं। जब दिल्ली में हमारी सरकार आई थी तो पहले कहा जाता था कि सरकारी स्कूल कैसे ठीक करोगे? स्कूल ठीक कर दिए तो कूड़े के पहाड़ भी ठीक हो जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि जब लोग चांद पर पहुंच गए तो ये तो कूड़े के पहाड़ हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में नया कूड़ा जमा न हो, इसको लेकर व्यवस्था की जाएगी। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में सरकार बनने के बाद यमुना की सफाई के लिए पांच साल का समय मांगा था। 2025 में पांच साल पूरे होंगे, तब यमुना में डुबकी लगाकर दिखाऊंगा।
दिल्ली में काम का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 7 साल में हमने बहुत काम किया है। हमने अपने वादे पूरे किए हैं, शिक्षा में सुधार किया है, मोहल्ला क्लीनिक बनाए हैं, अस्पतालों को बेहतर बनाया है। केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली में अच्छा काम किया है। लोगों ने हमसे जो भी अपेक्षा की थी, हमने उसे पूरा किया है। हमने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा पर अच्छा काम किया है।
केजरीवाल ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में दिल्ली सरकार ने MCD को एक लाख करोड़ रुपये दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा से पूछा जाए कि यह सब पैसा कहां गया। केजरीवाल ने कहा कि हम अतिक्रमण के आधार पर एक छोटा जुर्माना लगा सकते हैं। हमारा काम करने का इरादा है, हमारी नीयत साफ है।