विधानसभा में दिल्ली के वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने बुधवार (22 मार्च) को बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 78,000 करोड़ का बजट पेश किया। बजट में यमुना की सफाई, कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति, 1600 नई इलेक्ट्रोनिक बसें, 26 नए फ्लाईओवर समेत तमाम बड़े ऐलान किए गए। वहीं, सीएम केजरीवाल ने कहा कि वह 2025 से पहले यमुना में डुबकी लगाएंगे।
यमुना की सफाई के लिए 6 सूत्रीय कार्य योजना
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि वह 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले यमुना की सफाई दिखाने के लिए उसमें डुबकी लगाएंगे। केजरीवाल ने यमुना नदी की सफाई की टाइमलाइन पर एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, “यमुना की सफाई के लिए 6 सूत्रीय कार्य योजना बनाई गई है। 2025 में अगले चुनाव से पहले, मैं आपके साथ यमुना में डुबकी लगाऊंगा।” आम आदमी पार्टी प्रमुख ने दिल्ली 2023-24 का बजट पेश करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने बजट में स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक दिल्ली के सपने को साकार करने के लिए घोषित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया।
दिसंबर 2024 तक साफ हो जाएंगे कूड़े के पहाड़
दिल्ली के तीन कचरे के पहाड़ों के बारे में बात करते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार दिसंबर 2024 तक तीन लैंडफिल को साफ कर देगी। वहीं, दिल्ली के वित्तमंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, “यमुना का धार्मिक महत्व है। यमुना की सफाई को सबसे आगे रखा गया है। 8 साल में इसे साफ करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। अभी इसे साफ करने के लिए 6 बिंदुओं पर काम किया जा रहा है।”
आज बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि कचरे के पहाड़ हटाने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) को 850 करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया है। गहलोत ने कहा, “दिल्ली के तीन कचरे के पहाड़ कई दशकों से दिल्ली की छवि में एक काला धब्बा रहे हैं। हालांकि इन कचरे के पहाड़ों को साफ करने का काम एमसीडी के अधिकार क्षेत्र में आता है लेकिन दिल्ली के लोगों के लिए हम इसमें हाथ बंटाएंगे। एमसीडी के साथ हाथ मिलाएंगे और उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेंगे कि हम कचरे के पहाड़ों को जल्द से जल्द खत्म होते देखें।”
कैलाश गहलोत ने कहा कि सराये कालेखां और आनंद विहार ISBT को DMRC द्वारा विकसित किया जाएगा। द्वारका में ISBT के निर्माण का काम चल रहा है। नेहरू प्लेस, नजफगढ़ में 2 मॉडर्न बस टर्मिनल का निर्माण किया जाएगा।