UP BJP New Chief: उत्तर प्रदेश का अगला भाजपा अध्यक्ष कौन होगा? इस सवाल का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है। लेकिन माना जा रहा है कि यूपी भाजपा अध्यक्ष के लिए तीन नामों पर सहमति बन गई है। हालांकि, पार्टी का फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि यूपी बीजेपी अध्यक्ष किस समुदाय से आते हैं। जिसमें दलित, ब्राह्मण या अति पिछड़ा वर्ग (MBC) का नेता हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, इस दौड़ में सबसे आगे पूर्वी उत्तर प्रदेश से एक एमएलसी और पूर्व सांसद हैं जो दलित नेता हैं। दूसरा गांधी परिवार के गढ़ अमेठी से एक वरिष्ठ ब्राह्मण पदाधिकारी हैं। तीसरे एक राज्यसभा सांसद और निषाद चेहरा हैं।
दलित नेता की मांग करने वाले इसे 2024 के लोकसभा चुनावों में समुदाय द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर किए जा रहे रुझान को रोकने के एक तरीके के रूप में देख रहे हैं। जब विपक्ष ने सफलतापूर्वक यह शिगूफा गढ़ा था कि एक शक्तिशाली भाजपा सरकार संविधान बदल सकती है। एक नेता ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की लोकसभा सीटों की संख्या 2019 के 62 से घटकर 33 रह जाने की ओर इशारा किया,जो केंद्र में पार्टी के बहुमत से चूकने का एक बड़ा कारण है।
1980 के बाद यूपी में 15 अध्यक्षों में से 7 ब्राह्मण रहे
भाजपा के जो नेता ब्राह्मण को शीर्ष पर देखना चाहते हैं, उनका मानना है कि पार्टी को उस समुदाय को फिर से अपने पक्ष में करना होगा, जो उसके प्रति वफादार रहा है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि ब्राह्मण अब पार्टी में खुद को हाशिये पर महसूस कर रहे हैं। 1980 में भाजपा के गठन के बाद से उत्तर प्रदेश में भाजपा के 15 अध्यक्षों में से सात ब्राह्मण रहे हैं, जिनमें माधव प्रसाद त्रिपाठी, कलराज मिश्र, केसरी नाथ त्रिपाठी, राम राम पति त्रिपाठी, लक्ष्मी कांत बाजपेयी और महेंद्र नाथ पांडे शामिल हैं।
‘मुहर्रम का हर जुलूस उत्पात, आगजनी…’, सीएम योगी
अति पिछड़ा वर्ग (एमबीसी) नेता को चुनने का तर्क यह है कि यह सबसे सुरक्षित विकल्प है, क्योंकि भाजपा बड़े ओबीसी समूह में लगातार अपना आधार बना रही है। पार्टी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह जाट हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों में पार्टी का नेतृत्व किया। इससे पहले, कुर्मी नेता स्वतंत्र देव सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा का नेतृत्व किया था।
2017 में केशव प्रसाद मौर्य रहे यूपी बीजेपी अध्यक्ष
इससे पहले, 2017 में एक अन्य ओबीसी नेता केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश में सत्ता में आई थी। मौर्य को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद जातिगत समीकरणों को संतुलित करते हुए महेंद्र नाथ पांडे ने अध्यक्ष पद संभाला। वहीं, योगी आदित्यनाथ के रूप में भाजपा के पास एक ठाकुर मुख्यमंत्री है, जिसका अर्थ है कि यूपी बीजेपी अध्यक्ष राजपूत समुदाय से नहीं होगा।
राज्य भाजपा अध्यक्षों का चुनाव पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की दिशा में पहला कदम है। भाजपा ने अब तक देश भर में अपनी 37 में से 15 राज्य इकाइयों के नए पार्टी अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। कम से कम 19 राज्य अध्यक्षों के निर्वाचित होने के बाद ही नए राष्ट्रीय पार्टी अध्यक्ष का चयन किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश के अलावा, गुजरात, मध्य प्रदेश और कर्नाटक जैसी अन्य प्रमुख राज्य इकाइयों के अध्यक्षों का भी अभी चुनाव होना बाकी है। वहीं, इंडिया गठबंधन से आम आदमी पार्टी ने खुद को अलग कर लिया है। पढ़ें…पूरी खबर।
(इंडियन एक्सप्रेस के लिए मौलश्री सेठ की रिपोर्ट)