बिहार में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बिहार की राजधानी पटना में भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार को पटना में घर में घुसकर एम्स की नर्स के दो बच्चों को जिंदा जला दिया गया। यह दोनों बच्चे जानीपुर निवासी शोभा देवी और ललन गुप्ता के थे। बच्चों की पहचान अंजलि और अंश के रूप में हुई है। दोनों बच्चों की मौत भी हो गई है।
पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लिया
जैसे ही घटना घटी, उसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। शोभा देवी पटना एम्स में नर्स के रूप में सेवाएं दे रही हैं। इस पूरी घटना पर परिजनों ने कहा है कि अज्ञात लोगों ने घटना को अंजाम दिया है।
दोनों बच्चे अपने स्कूल से पढ़कर घर पर ही आए थे, तभी यह घटना घटी। घटना को लेकर लोगों के बीच भारी आक्रोश है और लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और FSL की टीम भी नमूने इकट्ठा कर रही है। इस मामले की गहराई से जांच करने के आदेश दिए गए हैं ताकि पता चल सके अपराधियों ने दोनों बच्चों को क्यों जलाया?
पुलिस ने क्या कहा?
इस पूरे मामले में फुलवारी शरीफ के डीएसपी दीपक कुमार ने कहा कि दो बच्चों के जलकर मर जाने की घटना सामने आई और हम घटनास्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि हम तकनीकी पहलुओं पर भी जांच कर रहे हैं और एक टीम बुलाई गई है। दीपक कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्चे घर पर अकेले थे। पुलिस को अभी तक यहां नहीं पता चल पाया है कि किसने आग लगाई है और क्यों बच्चों को मारा गया है? पुलिस इसका कारण तलाश रही है।
इससे पहले पटना के बड़े अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या कर दी गई थी। पांच बदमाशों ने अस्पताल के आईसीयू वार्ड में घुसकर चंदन मिश्रा को गोली मारी थी। इसके बाद विपक्ष के निशाने पर नीतीश सरकार आई है।