Coronavirus: भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे सिंधिया को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। दोनों को दक्षिणी दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा नेता कोविड-19 के लक्षण विकसित होने के चलते पिछले चार दिनों से हॉस्पिटल में भर्ती हैं। हालांकि तब उनकी मां में कोई लक्षण नहीं थे।
मगंलवार (9 जून, 2020) को कोरोना टेस्ट रिपोर्ट में दोनों को संक्रमण की पुष्टि हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉकडाउन की घोषणा होने के बाद से ही सिंधिया राष्ट्रीय राजधानी में हैं। वो परिवार के साथ अपने आवास पर रह रहे थे, मगर चार दिन पहले उनमें कोरोना के लक्षण दिखे। इसके बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
Bihar, Jharkhand Coronavirus LIVE Updates
कोरोना की पुष्टि के बाद सिंधिया और उनकी मां के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सिंधिया के संपर्क में आए कोरोना के सोर्स की भी तलाश शुरू कर दी गई है। भाजपा नेता के करीबी लोगों ने बताया कि सिंधिया को गले में खराश और बुखार की शिकायत थी। जिसके बाद वो डॉक्टरों की सलाह पर हॉस्पिटल में भर्ती हो गए। उनके स्वास्थ्य में भी सुधार हो रहा था लेकिन उनकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इससे पहले कोरोना जैसे लक्षण विकसित होने के चलते भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को गुरुग्राम के मेंदाता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बीते सोमवार को उनका स्वास्थ्य ठीक होने के बाद हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। इधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गले में खराश और बुखार की शिकायत के बाद क्वारंटाइन में चले गए हैं। मंगलवार को उनका कोरोना टेस्ट किया गया है। अभी रिपोर्ट का इंतजार है।
बता दें कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में रिकॉर्ड 9,987 मामले सामने आए हैं, जिसके बाद मंगलवार (9 जून, 2020) को कुल संक्रमितों की संख्या 2,66,598 हो गई। वहीं एक दिन में रिकॉर्ड 266 लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 7,466 तक पहुंच गई।
हालांकि वर्ल्ड मीटर के आंकड़ों के मुताबिक भारत में सक्रमितों की संख्या 2,67,614 है। 7,481 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 1,30,907 एक्टिव केस हैं और 1,29,226 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। एक मरीज देश छोड़कर जा चुका है।