आम आदमी पार्टी खुद के सामने सिर्फ भाजपा को ही मानती है। हालांकि उसका कहना है कि उसकी टक्कर में भाजपा भी नहीं है, लेकिन राष्ट्रीय राजनीति में सिर्फ आप बनाम भाजपा ही रहेगी। कांग्रेस कहीं नहीं है। उसके खुद के नेता उसे छोड़कर जा रहे हैं और उनको अपनी ही पार्टी पर भरोसा नहीं रह गया है। उनके इस जवाब पर कांग्रेस की प्रवक्ता ने कहा कि थोथा चना बाजे घना।
एबीपी न्यूज चैनल पर मंगलवार को डिबेट में एंकर सुमित अवस्थी के इस सवाल पर कि मोदी की लोकप्रियता कायम है, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता जैस्मीन शाह ने कहा कि “राष्ट्रीय राजनीति में लोग भाजपा को वोट देने के लिए इसलिए मजबूर हैं क्योंकि उसके सामने कोई क्रेडिबल अपोजिशन रहा ही नहीं है। कांग्रेस के खुद के नेता कांग्रेस पर विश्वास नहीं कर रहे हैं। स्टेट आफ्टर स्टेट मणिपुर हो, गोवा हो, कर्नाटक हो या एमपी हो, उनके नेता अपने कैंप छोड़कर भाजपा में ट्रांसफर हो जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “लोगों और वोटरों को कांग्रेस पर कभी भरोसा रहा नहीं है। लेकिन जब राज्य की बात आती है तो दिल्ली में आपने देखा है, वहां बड़ी बात हो गई थी कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएंगे। केंद्र में बनाएंगे, राज्य में बनाएंगे औऱ एमसीडी में बनाएंगे। एमसीडी में भाजपा है, केंद्र में भाजपा है तो राज्य में भी भाजपा को लाएं। लेकिन जब चुनाव हुआ तो सीट 70 में आठ मिली। क्योंकि लोगों के पास एक मजबूत अपोजिशन था। क्रेडिबल अपोजिशन था। जिसने काम किया था और अपने काम के बल बूते पर अपने वोट मांग रही है।”
बोले- “आज पंजाब में क्यों आम आदमी पार्टी को लोग समर्थन दे रहे हैं, क्योंकि वहां के लोगों को अरविंद केजरीवाल के दिल्ली के मॉडल पर भरोसा है। उन्होंने देखा है, यह कोई कही-सुनी की बात नहीं है। दिल्ली के स्कूल चमकते हैं, स्विमिंग पूल इनागुरेट हो रहे हैं, हाकी टर्फ लग रहे हैं। लोगों को इसका फायदा दिख रहा है। विकास दिख रहा है।
कहा- “कांग्रेस से पूछिए कि कहां के स्कूल इन्होंने चमकाया है। सत्तर साल राज किया है कहीं चमकाया है। कोई भी अच्छा सा अस्पताल नहीं बनवा सके। यहां शीला दीक्षित जी की सरकार थी, लेकिन जब आम आदमी पार्टी की सरकार आई तो लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर भरोसा हुआ। उनको काम दिखा।”