उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उनके निशाने पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रहें। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर उसके गढ़ अमेठी की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि 65 साल तक देश पर राज करने वाले 70 साल में वहां एक मेडिकल कॉलेज नहीं बना पाए।

योगी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने 65 साल तक देश पर राज किया, वे अमेठी में एक मेडिकल कॉलेज तक नहीं बनवा सके। उन्होंने कहा, ”जरा सोचिए, अमेठी का नाम आप इतने लंबे समय से सुनते आ रहे हैं लेकिन 65 साल तक देश पर राज करने वाले 70 साल में वहां एक मेडिकल कॉलेज नहीं बना पाए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, हमने आठ साल में अमेठी में एक मेडिकल कॉलेज बनवा दिया है और इस साल 50 सीटों पर दाखिले शुरू हो जाएंगे।”

2019 में हुआ था उलटफेर

अमेठी पारंपरिक रूप से कांग्रेस का गढ़ रहा है। कांग्रेस अमेठी में केवल तीन बार चुनाव हारी है। साल 2019 में भाजपा की स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को एक बड़े उलटफेर में हरा दिया था लेकिन 2024 में किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी को हरा दिया। इस तरह कांग्रेस ने यह सीट फिर से हासिल कर ली।

बिहार में आकाश की पहली ‘अग्निपरीक्षा’, क्या बसपा को संजीवनी दे पाएंगे मायावती के भतीजे?

राहुल गांधी ने 2004, 2009 और 2014 में लोकसभा में अमेठी का प्रतिनिधित्व किया। जबकि उनके पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी भी इससे पहले इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं।

बता दें कि कुछ दिन पहले रायबरेली में राहुल गांधी पहुंचे थे और दिशा की बैठक में शामिल हुए थे। इस दौरान उनकी योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के साथ तीखी बहस हो गई थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। बैठक के बीच में बोलने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था।