Chirag Paswan on Grand Alliance: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस बार एनडीए को शानदार जीत मिलने वाली है क्योंकि महागठबंधन में कुछ भी साफ नहीं हो पाया था, जबकि एनडीए में सबकुछ सीधा सपाट है। चिराग पासवान ने यह तक कह दिया कि बिहार चुनाव में एनडीए को विपक्षी इंडिया गठबंधन वॉक ओवर दे रहा है।

चिराग पासवान ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव का नतीजा तय है। NDA को इस बार बिहार की जनता समर्थन देगी और हम भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे। हमारी जीत उम्मीद से बड़ी होगी। चिराग पासवान ने कहा कि 14 नवंबर को बिहार में दूसरी दीवाली होगी पर महागठबंधन के नेता नहीं मना पाएंगे।

आज की बड़ी खबरें

उम्मीद से बड़ी होगी जीत – चिराग पासवान

पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बेटे चिराग ने कहा कि बिहार कई जातियों, धर्मों और समुदायों का संगम है। एनडीए ने हमेशा सबको साथ लेकर चलने की नीति अपनाई है। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है और इस बार बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। हमारी जीत ऐतिहासिक और उम्मीद से कहीं बड़ी होगी।

यह भी पढ़े: बिहार में महागठबंधन के लिए आई राहत भरी खबर, इस दल ने किया चुनाव मैदान से हटने का ऐलान 

फ्रैंडली फाइट की बातों पर कही ये बात

चिराग पासवान ने महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर तंज भी कसा है। पासवान ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के बीच दोस्ताना मुकाबले की बात को खारिज करते हुए कहा कि दोस्ताना लड़ाई जैसी कोई चीज़ नहीं होती, या तो आप दोस्त होते हैं या आपस में लड़ रहे होते हैं। राजनीति में दोस्ताना टकराव नहीं होता; यह गलत शब्दावली है।

बता दें कि एनडीए के चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। एनडीए में बीजेपी, जेडीयू, लोजपा (रामविलास), हम और आरएलएम जैसी पार्टियां हैं। बिहार में पहले चरण के लिए 6 और दूसरे फेज के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। इसके बाद 14 नवंबर को चुनाव नतीजे घोषित किए जाएंगे।

यह भी पढ़े: बिहार कांग्रेस के नेताओं के निशाने पर हैं राहुल के करीबी कृष्णा अल्लावरू, पार्टी की रणनीति पर खड़े हो रहे सवाल