उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। शीत लहर को देखते हुए चंडीगढ़ के स्कूलों की छुट्टियां एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गई हैं। भीषण ठंड और कोहरे के कारण चंडीगढ़ प्रशासन ने सोमवार को कक्षा 5 तक के छात्रों के लिए स्कूल की छुट्टियां एक सप्ताह और बढ़ा दी है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, यह नियम सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों पर समान रूप से लागू होगी। वहीं स्कूल इन छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं करा सकते हैं। विभाग ने कहा कि कक्षा 6 और उससे ऊपर के छात्रों को ठंड के संपर्क में आने से बचना चाहिए।
इसलिए खास ध्यान रखने की जरूरत है। आदेश में कहा गया है कि स्कूल सुबह 9.30 बजे से पहले नहीं खुलने चाहिए और शाम 4 बजे से पहले बंद हो जाने चाहिए।
शीतलहर के कारण बढाई गईं छुट्टियां
स्कूल शिक्षा निदेशक एचपीएस बराड़ ने हमारे सहयोगी इंडियन एक्सप्रेस को बताया था अधिक ठंड के कारण प्रशासन स्कूल की छुट्टियां बढ़ा सकता है। उन्होंने कहा था कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस है। उसके बाद शनिवार और रविवार पड़ रहा है। इसलिए 23, 24 और 25 जनवरी को स्कूल की छुट्टी करने पर विचार किया जा रहा है। इस ठंड में बच्चों को स्कूल बुलाना सही नहीं होगा।
चंडीगढ़ में रेल अलर्ट जारी
दरअसल, रविवार को दिन का अधिकतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 7 डिग्री कम है। हालांकि सोमवार को सुबह के समय तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस था, जो पिछली सुबह 5.2 डिग्री सेल्सियस से अधिक था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चंडीगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें 23 जनवरी तक भीषण ठंड और बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। वहीं 25 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब और हरियाणा में ठंड का कहर जारी
पंजाब और हरियाणा में लोगों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत नहीं मिली है। कई जगहों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब में बठिंडा भीषण ठंड की चपेट में है, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरदासपुर में भी रात में जमा देने वाली सर्दी रही और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट में रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 5.6 डिग्री और पटियाला में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अमृतसर में रात का तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ भीषण ठंड का सामना कर रही है जहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और नारनौल समेत कई जगह शीत लहर की चपेट में हैं। सिरसा और फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं हिसार और भिवानी में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री पर रहा। नारनौल में भी रात में जमा देने वाली ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.2 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।