महाराष्ट्र के मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह एक प्रसिद्ध स्पाइन एक्सपर्ट और गोल्ड मेडलिस्ट डॉक्टर और कैब ड्राइवर को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। दोनों लोगों की मौके पर मौत हो गई। घटना में दो अन्य डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे पुणे के सोमाटेन गांव के पास हुई। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल डॉक्टरों को बचाने का बगल में पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दोनों डॉक्टरों को अस्पताल में भर्ती कराया।
National Hindi News, 16 September 2019 Top Updates LIVE: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
टायर बदलना बना काल : पुलिस के मुताबिक स्पाइन एक्सपर्ट डॉ. केतन खुरजेकर (44) और दो अन्य आर्थोपेडिक सर्जन एक कैब से पुणे से मुंबई जा रहे थे। कैब जब गांव के समीप पहुंची तब ड्राइवर ने एक पंक्चर टायर को बदलने के लिए गाड़ी रोक दी। इससे सभी लोग कार से बाहर आ गए। इस बीच डॉ. खुरजेकर स्वयं टायर बदलने में ड्राइवर की मदद करने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक निजी बस ने कार में बगल से टक्कर मार दी।
दो अन्य डॉक्टरों की हालत गंभीर : घटना में डॉ. खुरजेकर और कैब ड्राइवर ध्यानेश्वर भोसले (27) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. खुरजेकर संचेती हॉस्पिटल के स्पाइन विभाग के हेड हैं। उनके नाम 35 सौ से ज्यादा गंभीर ऑपरेशन करने का रिकार्ड है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल डॉक्टरों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चारों तरफ खून ही खून दिख रहा था। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने बस चालक की लापरवाही पर गुस्सा जता रहे थे। लोगों का आरोप है कि निजी बस चालक लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं।