Bihar Polls: समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिहार के लोगों से बड़ी अपील की है। सपा प्रमुख ने कहा कि हमने भाजपा को अवध से बाहर किया है, आप लोग मगध से बाहर कर दीजिए।

वोट अधिकार यात्रा में शामिल होने के लिए शुक्रवार को पटना पहुंचे अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने संविधान का अपमान किया है, वह लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला कर रही है।

सपा प्रमुख ने कहा कि वाटर अधिकार यात्रा लोकतंत्र को बचाने के लिए है। हम उम्मीद करते हैं कि बिहार में चुनाव आयोग का ही विशेष पुनरीक्षण हो जाएगा। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग नहीं है, यह जुगाड़ आयोग है, जो भाजपा के निर्देश पर काम करता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव ने अपने उपमुख्यमंत्री रहने के दौरान राज्य के लाखों लोगों को सरकारी नौकरी दी, रोजगार दिए। सपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव के बाद बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। राज्य के लोग रोजी रोजगार के लिए देश के दूसरे हिस्से में जाने के लिए मजबूर नहीं होंगे। राज्य की जनता को तेजस्वी पर पूरा भरोसा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले साल लोकसभा चुनाव में राजग को सबक सिखाने वाला ‘इंडिया’ गठबंधन आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत गठबंधन को हराएगा।

यह भी पढ़ें- ‘हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे’, कांग्रेस दफ्तर पर बीजेपी के प्रदर्शन के बाद बोले राहुल गांधी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल से उत्पन्न विवाद के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहाकि भाजपा अपने विरोधियों का अपमान करने में माहिर है। आपको उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) को बोलते हुए सुनना चाहिए।

सपा प्रमुख ने लोगों से कहा कि भाजपा को अमेरिका पर गुस्सा करना चाहिए। जिसने भारतीय उत्पादों पर ज्यादा टैरिफ लगाया है। इससे हमारे देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।

यह भी पढ़ें- बसपा में आकाश आनंद का उतार-चढ़ाव जारी, मायावती ने अब दी यह बढ़ी जिम्मेदारी; बिहार चुनाव को लेकर जल्द शुरू करेंगे यात्रा