कोरोना वायस के बढ़ते मामलों के बीच चारा घोटाला मामले मे सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू यादव को रिम्स निदेशक के बंगले में शिफ्ट किया गया है। इससे पहले वह रिम्स के पेइंग वार्ड में इलाजरत थे। लालू प्रसाद यादव का कमरा रिम्स के पेइंग वार्ड की पहली मंजिल पर स्थित था, जबकि कोविड मरीजों के इलाज के लिए दूसरी और तीसरी मंजिल का उपयोग आइसोलेशन सेंटर के रूप में किया जा रहा है। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए लालू का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने अनुरोध किया था कि लालू यादव को कोरोना से बचाने के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए।
जानकारी के मुताबिक रिम्स के पूर्व निदेशक डॉ डीके सिंह के जाने के बाद से केली बंगला खाली पड़ा था। जिसके बाद लालू यादव को वहां शिफ्ट करने का फैसला लिया गया। कुछ दिन पहले लालू यादव के तीन सेवादार कोरोना संक्रमित पाए गए थे। लालू यादव का भी दो बार कोरोना टेस्ट किया गया था लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
राज्य भाजपा ने आगामी बिहार चुनाव के मद्देनजर झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लालू यादव को के निदेशक के बंगले शिफ्ट किए जाने पर निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, “अब, निर्देशक का बंगला एक राजद मुख्यालय में बदल जाएगा, जहां बिहार चुनाव की रणनीति तैयार की जाएगी।”
हालांकि, झामुमो ने इसे राजनीतिक लाभ प्राप्त करने के लिए भाजपा के स्टंट के रूप में बताते हुए आरोप को गलत बताया। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा“ लालू यादव कैद हैं। निर्देशक का बंगला राजद मुख्यालय में कैसे बदल सकता है? चूंकि भाजपा के पास कोई काम नहीं है, इसलिए यह बेबुनियाद आरोप लगा रही है।