Himachal Elections 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने 6 सीटों के लिए अपनी दूसरी लिस्ट गुरुवार (20 अक्टूबर) को जारी कर दी। टिकट न मिलने पर बीजेपी के कुछ विधायकों में रोष नजर आ रहा है। इस बीच नालागढ़ में भाजपा के बागी कृष्ण लाल ठाकुर ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा।

केएल ठाकुर ने शक्ति प्रदर्शन के बीच शुक्रवार को नालागढ़ में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान वहां ‘मेरा क्या कसूर? मेरी ग़लती क्या है?” जैसे स्लोगन लिखे हुए पोस्टर लगाए गए। ठाकुर ने अपने कार्यों का बखान करते हुए कहा, “मैंने स्कूल अपग्रेड करवाए क्या ये है मेरा कसूर? हॉस्पिटल में नए बेड मंजूरी करवाए, क्या ये है मेरा कसूर? नए कॉलेज बनवाए, क्या ये है मेरा कसूर?”

केएल ठाकुर ने निर्दलीय भरा पर्चा: कृष्ण लाल ठाकुर ने शक्ति प्रदर्शन के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें उन्होंने पड़ोसी राज्य पंजाब के खन्ना से सांस्कृतिक कलाकारों को भी बुलाया। एक मालवई गिद्दा समूह, ढोली और शहनाई वादकों ने इस दौरान परफॉर्म किया। ठाकुर ने नामांकन दाखिल करने के लिए ताली बजाई और नृत्य किया, लेकिन अपने भाषण के दौरान उन्होंने पूछा कि उनका कसूर क्या है? वह कई बार भाजपा से निराश भी नजर आए। रास्ते में उनके समर्थकों ने उन्हें अपने कंधों पर उठा लिया।

नालागढ़ के लोगों के साथ धोखा: शाम को नालागढ़ में एक सभा को संबोधित करते हुए के एल ठाकुर ने घोषणा की कि यह धर्म युद्ध था और यह कृष्ण लाल ठाकुर द्वारा नहीं बल्कि आप सभी द्वारा लड़ा जाएगा”। ठाकुर ने कहा कि बीजेपी का उन्हें टिकट न देना उनके साथ धोखा नहीं है बल्कि नालागढ़ के लोगों के साथ है।

वहीं, दूसरी ओर 12 नवंबर 2022 को होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पीएम मोदी, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ तेजस्वी सूर्या समेत कुल 40 लोगों का नाम शामिल है। यह सभी प्रचारक विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए वोट मांगते नजर आएंगे।

बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने गुरुवार को 6 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में धर्मशाला से मौजूदा विधायक विशाल नेहरिया को टिकट नहीं दिए जाने की वजह से नाराज होकर 150 से अधिक पार्टी समर्थक और कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया था। इसके पहले बुधवार को बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति ने 62 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी।