भाजपा सांसद और मालेगांव बम धमाकों की आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बृहस्पतिवार को मुंबई की ट्रायल कोर्ट से हाई ब्लड प्रेशर के कारण अस्पताल में भर्ती होने का हवाला देते हुए पेशी से छूट मांगी। हालांकि, दोपहर में भाजपा सांसद भोपाल के एमपी नगर में महाराणा प्रताप की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं।

इससे पहले बृहस्पतिवार शाम को वह स्थानीय भाजपा नेताओं के सात ईद के मौके पर भोपाल शहर के काजी सैयद मुस्ताक अली नदवी को घर भी पहुंची थीं। उन्होंने काजी को मिठाइयां और ड्राई फ्रूट्स भी दिए। वह रात में केयर अस्पताल में एडमिट हुईं और बृहस्पतिवार सुबह डिस्चार्ज हो गईं।

साध्वी को बृहस्पतिवार को मुंबई की ट्रायल कोर्ट में पेश होना था। पिछले महीने कोर्ट ने विस्फोट से जुड़े सभी आरोपियों को सप्ताह में कम से कम एक बार कोर्ट के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था। सोमवार को ठाकुर ने 3 से 7 जून तक पूरे सप्ताह के लिए पेशी से छूट मांगी थी लेकिन अदालत ने उनकी अर्जी नामंजूर कर दी थी।

बृहस्पतिवार को जब अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार कर ली। कोर्ट ने उन्हें शुक्रवार को पेश होने को कहा। इसमें यह भी उल्लेख किया गया कि उनकी याचिका के साथ कोई मेडिकल दस्तावेज नहीं पेश किया गया था कि वह अस्पताल में भर्ती हैं।
अपनी याचिका में ठाकुर ने कहा था कि कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए उन्हें इस सप्ताह अदालत में पेश होना था।

उन्हें बृहस्पतिवार को अदालत में पेश होना था लेकिन अस्पताल में दाखिल होने के कारण वह अदालत के समक्ष पेश नहीं हो सकीं। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को अदालत के समक्ष पेश होने का ‘प्रयास’ करेंगी। कोर्ट ने अन्य आरोपी सुधाकर धर द्विवेदी को भी अदालत में पेश होने का निर्देश दिया।

सुधाकर ने याचिका दायर कर कहा था कि वह जम्मू और कश्मीर में खीर भवानी महोत्सव में हिस्सा ले रहा है इसलिए उसे पेशी से छूट दी जाए। उसने कहा था कि यह धार्मिक उत्सव है जहां उसकी उपस्थिति अनिवार्य है। मुंबई से दूर होने का हवाला देते हुए द्विवेदी ने अदालत में पेशी से छूट मांगी थी। उसने कहा कि उसने 13 जून को मुंबई लौटने का टिकट बुक किया है।