गिरधारी लाल जोशी
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की दो दिनों से देवघर में मौजूदगी से झारखंड की सियासत गर्मा गई है। बल्कि यों कहे कि विरोधी खेमे में काफी हलचल देखी जा रही है। रविवार की दोपहर देवघर पहुंचे। उनके साथ बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और सांसद बेटी मीसा भारती भी थी। आज उन्होंने द्वादश ज्योर्तिलिंग बाबा बैद्यनाथ के दर्शन व जलाभिषेक किया।
पार्टी नेता ने कहा- पार्टी सुप्रीमो का यहां आने का गहरा मायने है
राजद नेता से मिलने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक वहां पहुंचे। लालू प्रसाद यादव ने समर्थकों के स्नेह के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी तबियत ठीक नहीं है, लिहाजा थोड़ा दूरी बनाकर रखें, जिससे 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को शिकस्त दे सकूं। झारखंड के पूर्व मंत्री व देवघर के राजद प्रत्याशी सुरेश पासवान ने कहा कि राजद सुप्रीमों के देवघर दौरे का कुछ गहरा मायने है। भाजपा को शिकस्त देना इंडिया गठबंधन का मकसद है। जिसमें कामयाबी मिलेगी।
राजद प्रदेश सचिव ने कहा- मजबूत होकर उभरेगा इंडिया गठबंधन
राजद प्रदेश सचिव सह पूर्व प्रत्याशी मधुपुर विधानसभा क्षेत्र संजय भारद्वाज ने देवघर परिसदन में मुलाकात कर द्वादश ज्योतिर्लिंग सहित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर का मोमेंटो भेंट किया और उनके दीर्घायु होने की कामना की। इसके बाद भारद्वाज ने कहा कि लालू जी का झारखंड में राजद की प्रदेश इकाई के गठन के पूर्व से ही विशेष स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है और आज भी उनसे संथाल परगना के राजनीतिक हालात पर खास चर्चा हुई है। आगे की रणनीति का खुलासा करने से इंकार करते हुए भारद्वाज ने कहा कि समय का इंतजार करिए इंडिया गठबंधन बहुत मजबूत होकर उभरेगा। इसमें नीतीश कुमार और लालू प्रसाद की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बिहार-झारखंड में राजद का परचम लहराएंगे।
लालू प्रसाद परिवार के साथ देवघर के सर्किट हाउस में टिके थे। और सुरेश पासवान, संजय भारद्वाज , संजय यादव सरीखे राजद नेताओं से एक-एक कर गम्भीर विमर्श किया। और पार्टी को खासकर इंडिया गठबंधन को और मजबूत करने की हिदायत दी। लालू प्रसाद के देवघर आने की खबर से झारखंड ही नहीं बल्कि बिहार के भागलपुर, बांका, नवगछिया, जमुई, शेखपुरा, मुंगेर जिले से भी उनके समर्थक उनके स्वागत में पहुंचे थे।
गिरिडीह जिले के डुमरी सीट पर हुए झारखंड विधानसभा सीट के उपचुनाव में इंडिया गठबंधन को मिली भारी सफलता से सत्ता दल जोश से भरा है। यहां मंत्री बेबी देवी ने एनडीए की यशोदा देवी को 17 हजार से ज्यादा मतों से पराजित कर जीत हासिल की है। राजद नेताओं में इस वजह से भी बड़ा उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा को बड़ा धक्का यह है कि झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी गिरिडीह जिले से ही आते है। और हाल ही में भाजपा आलाकमान ने उन्हें राज्य की कमान सौंपी है। वे राज्य के पहले मुख्यमंत्री भी रह चुके है। लेकिन बाद में भाजपा छोड़ अलग पार्टी बना ली थी। लेकिन अब फिर भाजपा में आ गए है। वे आदिवासी है। भाजपा ने आदिवासी के खिलाफ आदिवासी चेहरा उतारा है। लेकिन 2024 में यह कितना कामयाब होंगे। यह अभी आगे देखना है। मगर डुमरी उपचुनाव ने भाजपा की फिलहाल हवा निकाल दी है। और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है।