राजद अध्यक्ष लालू यादव की बड़ी बेटी और राज्य सभा सांसद मीसा भारती और उनके पति शैलेश कुमार इन दिनों प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निशाने पर हैं। ईडी के अफसर शैलेश कुमार से 8000 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग के केस में पूछताछ कर चुके हैं। उनके सीए राजेश अग्रवाल पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। मीसा और शैलेश की शादी साल 1999 में हुई थी, जब लालू यादव बिहार के मुख्यमंत्री थे। पटना के 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में ही इन दोनों की शादी हुई थी। उस वक्त शैलेश इन्फोसिस में काम करते थे।
शैलेश कम्प्यूटर इंजीनियर हैं। उन्होंने बड़ोदा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद लखनऊ से उन्होंने एमबीए भी किया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद शैलेश ने निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में नौकरी की थी। इसके बाद वो आईटी सेक्टर की मशहूर कंपनी इन्फोसिस चले गए। जब उनकी शादी हुई थी तब वो इन्फोसिस में काम कर रहे थे।

शैलेश राजधानी पटना के खगौल से सटे गांव सरारी के रहने वाले हैं। उनके पिता रामबाबू पथिक सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक में कार्यरत थे। अब वो सेवानिवृत हो चुके हैं। शैलेश और मीसा की शादी लालू यादव के करीबी रामवचन राय ने कराई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही शैलेश ने नौकरी छोड़ दी थी। उसके बाद वो अपना बिजनेस करने लगे। फिलहाल मीसा और शैलेश की तीन संतानें हैं। दो बेटियां- दुर्गा और गौरी और एक बेटा है।
ससुर लालू यादव और दोनों साले उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव का ट्विटर अकाउंट शैलेश ही देखते थे। फिलहाल इसके लिए एक टीम है। उस टीम को समय-समय पर शैलेश गाइड करते रहते हैं। शैलश राष्ट्रीय जनता दल के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। साल 2004 में जब लालू यादव रेल मंत्री बने तब मीसा और शैलेश दिल्ली शिफ्ट हो गए। 2014 के लोकसभा और 2015 के बिहार विधान सभा चुनाव प्रचार के दौरान भी शैलेश सक्रिय थे। पत्नी मीसा भारती के साथ सभी चुनावी सभाओं में साथ रहते थे। इसके अलावा मीसा भारती जब कभी क्षेत्र में जाती हैं तो दौरे पर शैलेश हमेशा उनके साथ होते हैं।