बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मंगलवार को जापान दौरे पर जा रहे हैं। यह उनकी एक आधिकारिक यात्रा है और इस यात्रा को लेकर काफी चर्चा भी हो रही है। लोग यह जानना चाह रहे हैं कि आखिर तेजस्वी यादव जापान किस काम के लिए जा रहे हैं? इस मुद्दे पर तेजस्वी यादव ने खुद कहा कि वह आधिकारिक यात्रा पर जापान जा रहे हैं।
जापान इसलिए जा रहे तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “हम एक आधिकारिक यात्रा पर जापान जा रहे हैं। आप जानते हैं कि बिहार ज्ञान और महात्मा बुद्ध की धरती रही है। हम यहां पर पर्यटन को बढ़ावा देना चाहते हैं और जापान के लोग भी यहां आने को उत्सुक हैं। हम जापान के लोगों से पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा करेंगे, ताकि बिहार में पर्यटकों की संख्या बढ़े।”
तेजस्वी यादव बिहार में निवेश लाने का भी प्रयास कर रहे हैं और इस मुद्दे पर भी वहां चर्चा करेंगे। बता दे कि बिहार में पर्यटन क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है और पर्यटन केंद्रों को विकसित किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए तेजस्वी यादव आधिकारिक दौरे पर जापान जा रहे हैं।
नीतीश कुमार के बयान पर तेजस्वी ने दिया जवाब
हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव के कंधे पर हाथ रखकर कहा था कि यह बच्चा ही हम लोग का सब कुछ है। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया है। इसी को लेकर पत्रकारों ने तेजस्वी यादव से सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, “बीजेपी वालों को हर चीज पर ऐतराज होता है। बिहार में काम हो रहा है, नौकरियां मिल रही है, आपस में अच्छा खासा तालमेल है। हम अपने वादे पूरे कर रहे हैं और बीजेपी को इससे ऐतराज है।”
तेजस्वी यादव ने बिहार में लॉ एंड ऑर्डर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “लॉ एंड ऑर्डर की बात की जाए तो एनसीआरबी के आंकड़ों में 23वें नंबर पर बिहार है। अपराध के मामले में बिहार 23 वें नंबर पर हैं।”