बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दलों में भी शह-मात का खेल चल रहा है। शायद यही वजह है कि लोजपा (रा) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की कथित घेराबंदी के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जद (एकी) नेता पसीने बहा रहे हैं। कहा जा रहा है कि चिराग पासवान की पसंदीदा नौ सीटों पर पेच फंसाने की कोशिशें चल रही हैं।
इन नौ सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में लोजपा (रा) के उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे। बिहार में राजग में भाजपा, जद (एकी), लोजपा (रा), हम और रालोमो है। यहां की 243 सीटों में भाजपा और जद (एकी) में लगभग सौ-सौ सीटों पर चुनाव लड़ने की अघोषित सहमति बन चुकी है। बची 43 सीट में से ही लोजपा (रा), हम और रालोमो को मिलना है। किसे कितनी सीटें मिलेगी, इसकी जानकारी आधिकारिक तौर घोषणा होने के बाद ही होगी। हालांकि सीटों को लेकर महत्त्वकांक्षा के कारण इन दलों में उत्साह कम दिख रहा है। उसमें भी आपसी शह-मात का मामला अलग है।
चिराग पासवान की पार्टी वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में NDA से अलग उतरी थी
यहां बात केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रा) प्रमुख चिराग पासवान की हो रही है। दरअसल, चिराग पासवान की पार्टी वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में राजग से अलग होकर चुनाव लड़ी थी। चिराग पासवान ने बिहार में कुल 137 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। इनमें सिर्फ एक उम्मीदवार की जीत हुई थी। उसने भी बाद में पार्टी छोड़ दी थी। खास बात ये कि 137 में नौ विधानसभा सीटों पर लोजपा (रा) के प्रत्याशी दूसरे नंबर पर रहे थे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि राजग के घटक होने के नाते चाहें लोजपा (रा) के खाते में जितनी भी सीट आए, वह अलग विषय है।
Bihar Election: किस सीट से चुनाव लड़ेंगे चिराग पासवान? आरा की धरती से बता दी पूरी बात
फिलहाल चिराग पासवान उन नौ सीटों पर अपने उम्मीदवार जरूर उतारना चाहते हैं, जहां उनकी पार्टी के प्रत्याशी 2020 में दूसरे नंबर पर रहे थे। कहा जा रहा है कि इसे लेकर जद (एकी) के नेता अड़चन पैदा कर रहे हैं। इन सीटों पर जद (एकी) अपना प्रत्याशी उतारना चाहती है। यानी घटक दलों में भी कथित तौर पर शह-मात का खेल जारी है।
बिहार के जिन नौ सीटों पर लोजपा (रा) उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे, उनमें ब्रह्मपुर (बक्सर), दिनारा (रोहतास), हरनौत (नालंदा), जगदीशपुर (भोजपुर), कदवा (कटिहार), कस्बा (पूर्णिया), ओबरा (औरंगाबाद), रघुनाथपुर (सीवान) और रूपौली (पूर्णिया) का नाम शामिल है। उधर, चिराग की राह में कथित रोड़े अटकाने के बाबत जद (एकी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने ‘जनसत्ता’ से कहा कि अभी सीट बंटवारे के संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई है। बिहार चुनाव से जुड़ी इन खबरों को भी देखें…