Bihar Politics: लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने खुद को मौसम वैज्ञानिक का बेटा बताते हुए बिहार की राजनीति को लेकर भविष्यवाणी की है। उन्होंने दावा कि बिहार में नीतीश कुमार की महागठबंधन सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाएगी और बिहार में जल्द ही मध्यावधि चुनाव होंगे।
लोजपा रामविलास गुट के कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर में बोलते हुए चिराग ने कहा कि वो चुनावी मौसम वैज्ञानिक के बेटे हैं और भलीभांति जान चुके हैं कि महागठबंधन सरकार कितने दिन तक चलेगी। चिराग ने राज्य में अराजकता के माहौल का आरोप लगाते हुए राज्यपाल से सूबे में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। बता दें, गुरुवार( 22 सितबंर, 2022) को चिराग पासवान ने राजगीर के कन्वेंशन सेंटर में लोजपा (रामविलास) के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया।
मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही मध्यावधि चुनाव होंगे। नीतीश कुमार के विपक्षी एकता को एकजुट करने के सवाल पर चिराग ने कहा कि विपक्षी एकता भ्रम मात्र बन कर रह गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में केवल महत्वाकांक्षी लोग हैं, जो खुद को ही सबसे आगे देखना चाहते हैं। विपक्षी एकता में नीतीश कुमार, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल सहित एक दर्जन प्रधानमंत्री के दावेदार हैं। ऐसे में विपक्ष के एकजुट होने की कोई उम्मीद नहीं है।
बिहार में कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खराब: चिराग
इस दौरान बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेगूसराय की घटना को लेकर बिहार में राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की हालत बहुत खराब है। अपराधी बैखौफ होकर किसी भी वारदात को दिन-दहाड़े अंजाम दे रहे हैं।
‘2014 में दो सीटों पर सिमट गई थी नीतीश की पार्टी’
नीतीश कुमार के यूपी में लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग ने दावा किया कि नीतीश कुमार बिहार की किसी भी सीट से लोकसभा का चुनाव नहीं जीत सकते। यूपी में चुनाव जीतने का सपना भी न देखें। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी दो सीटों पर ही सिमट कर रह गई थी।
चिराग बोले- केंद्र में मंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं
केंद्र में मंत्री बनने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि केंद्र में मंत्री बनने की उनकी कोई इच्छा नहीं है। उनकी पार्टी का गठबंधन अभी किसी से नहीं है। उनके लिए बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट है।