Bihar Illegal Mining Raid: बिहार के पटना से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी करने गई टीम पर खनन माफियाओं ने हमला किया है। इस हमले में जिला खनन अधिकारी और दो अन्य लोग घायल हुए हैं। इस दौरान आरोपियों ने महिला अधिकारी को भी घसीटा। घटना पटना के बिहटा क्षेत्र की है।

तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में उपद्रवी अधिकारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं। कई लोग ईंट-पत्थर खनन टीम को मार रहे हैं। वीडियो में अधिकारियों की टीम जान बचाकर भागने की कोशिश कर रही है। लेकिन आरोपियों ने टीम को चारों तरफ से घेर लिया है। टीम में शामिल उपद्रवी महिला अधिकारी को भी नहीं बख्श रहे हैं। टीम में शामिल अधिकारी, महिला अधिकारी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमलावर लगातार हमला कर रहे हैं।

44 लोग गिरफ्तार, 50 वाहन जब्त

पुलिस ने कहा कि इस घटना में तीन अधिकारियों और कई कांस्टेबलों को चोटें आईं। पुलिस ने इस संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज कर 44 लोगों को गिरफ्तार किया और 50 वाहनों को जब्त किया। पटना एसएसपी राजीव मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना बिहटा थाना क्षेत्र के परेव गांव में दोपहर करीब 2.30 बजे हुई, जब जिला खनन विभाग की टीम इलाके में ट्रकों की ओवरलोडिंग और अवैध रेत खनन की जांच करने गई थी। उन्होंने बताया कि टीम जब कोईलवर पुल के पास पहुंची तो अवैध बालू माफियाओं के एक ग्रुप टीम को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।

एसएसपी ने कहा, “फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अब तक 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 50 वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। घायल अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।”

घटना का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुरुषों का एक समूह महिला अधिकारी के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है, जबकि वह गुहार लगा रही हैं। आरोपी उसे गालियां दे रहे हैं, डंडो और ईंट-पत्थर से हमला कर रहे हैं। वीडियो में एक आरोपी अधिकारी को घसीट रहा है। आरोपियो ने अन्य अधिकारियों पर भी हमला किया। जब वो अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे हैं। हालांकि जनसत्ता.कॉम वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

महिला अधिकारी की पहचान खनन निरीक्षक अमिया कुमारी के रूप में हुई है। अन्य घायलों में जिला खनन अधिकारी कुमार गौरव और खनन निरीक्षक सैयद फरहीन शामिल हैं। तीनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। हमले में कुछ कांस्टेबलों को भी मामूली चोटें आई हैं।

हमले में तीन अधिकारी घायल

जिला प्रशासन द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, ‘अवैध खनन पर रोक लगाने के अभियान के तहत जिला खनन अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी एवं अपर अनुविभागीय दंडाधिकारी दानापुर के नेतृत्व में एक टीम ने ओवरलोडिंग, अवैध वाहनों के संचालन और अवैध खनन की जांच कर रही थी। इसी दौरान कोईलवर पुल के पास असामाजिक तत्वों द्वारा छापा मारने वाली टीम पर पथराव किया गया। तीन अधिकारियों को चोटें आईं।’

घटना के बाद पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह ने तुरंत एसडीओ व एसडीपीओ दानापुर को मौके पर भेजा गया। पथराव करने वालों के खिलाफ सघन छापेमारी की जा रही है। डीएम ने कहा कि इस घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

नीतीश कुमार ने अधिकारियों को दिए निर्देश

इस घटना को लेकर RJD नेता शिवानंद तिवारी ने कहा,’बिहार सरकार के संज्ञान में ये बात आई है। नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देष दिया है कि वीडियो में दिखने वाले लोगों को चिह्नित कर, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।’