Kalyanpur, Bihar Vidhan Sabha Seat | कल्याणपुर विधानसभा सीट, बिहार चुनाव 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार जारी है। सभी दल चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। बिहार की कल्याणपुर विधानसभा सीट चर्चा में बनी हुई है। यह सीट पूर्वी चंपारण जिले के पूर्वी चंपारण लोकसभा के अंतर्गत आती है। वर्तमान में कल्याणपुर विधानसभा सीट से आरजेडी के मनोज कुमार यादव विधायक हैं।
करीबी मुकाबले में जीती थी आरजेडी
2020 के विधानसभा चुनाव में मनोज कुमार यादव ने बीजेपी के सचिंद्र प्रसाद सिंह को हराया था। हालांकि जीत का मार्जिन केवल 1193 वोट था। यहां पर बीएसपी के उम्मीदवार मोहम्मद बदीउज्जमान ने 6367 वोट हासिल किए थे। वहीं आरजेडी के मनोज कुमार यादव को 72,819 जबकि भाजपा के सचिंद्र सिंह को 71,626 वोट मिले थे।
अहम बात यह है कल्याणपुर विधानसभा सीट पर अब तक केवल तीन बार चुनाव हुए हैं, क्योंकि 2008 के बाद यह विधानसभा सीट बनी थी। 2010 के विधानसभा चुनाव में यहां पर एनडीए की उम्मीदवार रजिया खातून ने जीत हासिल की थी, जो उस दौरान जनता दल यूनाइटेड से उम्मीदवार थीं। वहीं 2015 में जेडीयू और आरजेडी का गठबंधन था और बीजेपी दोनों दलों के विरोध में लड़ रही थी। भाजपा ने सचिंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया था और उन्होंने जीत हासिल की थी।
इस बार NDA करेगी जीतने का प्रयास
हालांकि 2020 के विधानसभा चुनाव में बेहद करीबी मुकाबले में बीजेपी-जेडीयू गठबंधन होने के बावजूद आरजेडी के मनोज कुमार यादव ने यह सीट जीत ली थी। ऐसे में पिछले तीन में से दो बार यह सीट एनडीए गठबंधन के खाते में, जबकि एक बार महागठबंधन ने जीत हासिल की है। ऐसे में एनडीए की कोशिश होगी इस बार फिर से सीट को अपने पाले में करने की।
अगर हम कल्याणपुर विधानसभा सीट के जातीय समीकरण का जिक्र करें, तो यहां पर यादव और अतिपिछड़ा मतदाताओं का दबदबा है। इस विधानसभा क्षेत्र में करीब 12 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं जबकि 15 फ़ीसदी यादव मतदाता भी है। वहीं करीब 13 फीसदी राजपूत, 10 फीसदी ब्राह्मण मतदाता हैं।